खेत से काटे खेजड़ी के 15 पेड़, कृषक ने पड़ोसी पर पेड़ों की चोरी और अतिक्रमण का लगाया आरोप

रावतसर थाना पुलिस ने एक नामजद व्यक्ति तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की

Published On

हनुमानगढ़। रावतसर थाना पुलिस ने कृषि भूमि से खेजड़ी के पेड़ काटकर ले जाने के आरोप में एक नामजद व्यक्ति तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। मामला न्यायालय के आदेश पर दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार सुभाष पुत्र रामलाल निवासी बरमसर तहसील पल्लू की ओर से अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, रावतसर में प्रस्तुत परिवाद के आधार पर कार्रवाई की गई। Hanumangarh News

परिवादी ने बताया कि उसकी पैतृक कृषि भूमि पोहड़का बारानी क्षेत्र में स्थित है, जिस पर वह लंबे समय से काबिज है। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि उसकी कृषि भूमि में करीब 25 खेजड़ी के पेड़ खड़े थे। आरोप है कि 5 अप्रैल 2026 की रात को धनराज पुत्र भादरराम सिहाग निवासी बरमसर ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर जेसीबी मशीन और ट्रैक्टरों की सहायता से खेत में प्रवेश कर 15 खेजड़ी के पेड़ काट लिए और चोरी कर ले गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार घटना की जानकारी 7 अप्रैल को मिली, जिसके बाद उसने ग्रामीणों पेमाराम पुत्र हरिराम तथा रूपराम पुत्र श्योलाल के साथ खेत का निरीक्षण किया। मौके पर पेड़ गायब मिले। पूछताछ करने पर उसे जानकारी मिली कि आरोपित धनराज और उसके सहयोगी पेड़ काटकर ले गए हैं।

परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पूर्व में भी खेजड़ी के पेड़ काटकर ले जा चुका है। परिवादी का कहना है कि जब उसने आरोपित से इस संबंध में पूछताछ की तो उसने कथित रूप से पेड़ काटने की बात स्वीकार करते हुए चुनौतीपूर्ण लहजे में जवाब दिया। न्यायालय के आदेश पर रावतसर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक शिशपाल को सौंपी है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts