शिक्षा और रोजगार
Free Ayurveda-Naturopathy Medical Camp: 21 जून को दुर्गा मंदिर धर्मशाला में नि:शुल्क आयुर्वेद-नेचुरोपैथी चिकित्सा शिविर
विशेषज्ञ चिकित्सक करेंगे स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श, मिलेगा नि:शुल्क मार्गदर्शन
Free Ayurveda-Naturopathy Medical Camp: हनुमानगढ़। आमजन को आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर तथा भारत विकास परिषद के तत्वावधान में 21 जून को जंक्शन स्थित दुर्गा मंदिर धर्मशाला में नि:शुल्क आयुर्वेद-नेचुरोपैथी चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। Hanumangar News
शुक्रवार को शिविर के पम्पलेट का विमोचन किया गया। शिविर का आयोजन सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक किया जाएगा, जिसमें अनुभवी आयुर्वेदाचार्य एवं प्राकृतिक चिकित्सक विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर परामर्श प्रदान करेंगे। शिविर में स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह तथा आहार एवं जीवनशैली संबंधी मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
शिविर के दौरान किडनी, लीवर, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थायराइड, मोटापा, जोड़ों एवं घुटनों के दर्द, रीढ़ संबंधी समस्याएं, स्लिप डिस्क (एल-4, एल-5), नसों के रोग, अस्थमा, अनिद्रा, मिर्गी सहित अन्य दीर्घकालिक बीमारियों के लिए आयुर्वेद एवं नेचुरोपैथी पद्धति से उपचार संबंधी परामर्श दिया जाएगा। मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उचित आहार-विहार, दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के सुझाव भी दिए जाएंगे। Hanumangar News
वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और व्यस्त दिनचर्या के कारण लोग अनेक बीमारियों से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में यह शिविर बिना किसी शुल्क के अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त करने का अच्छा अवसर है।
उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों महिलाओं और युवाओं से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करवाने का आग्रह किया। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष महेश जसूजा ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों को आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन चिकित्सा पद्धति है, जो प्राकृतिक तत्वों पर आधारित होने के कारण स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शिविर प्रभारी अनिल जांदू ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता और चिकित्सा परामर्श का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा। Hanumangar News