शिक्षा और रोजगार
Hanumangarh News: पेसो अनुमोदित कंटेनर की शर्त हटाने की मांग
22 जून को पेट्रोल पंप बंद रखने की चेतावनी
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की 11 जून 2026 की अधिसूचना में डीजल बिक्री के लिए पेसो से अनुमोदित कंटेनर की अनिवार्यता में छूट देने की मांग की है। इस संबंध में शुक्रवार को प्रधानमंत्री के नाम जिला कलक्टर व विधायक को ज्ञापन सौंपा गया। Hanumangarh News
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पतराम भांभू ने बताया कि केन्द्र सरकार की ओर से एक ग्राहक या वाहन को प्रतिदिन 200 लीटर से अधिक डीजल नहीं बेचने के निर्णय का संगठन स्वागत करता है। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में डीजल की अवैध जमाखोरी, तस्करी तथा मिलावटी डीजल के कारोबार पर अंकुश लगेगा, जिससे सरकारी राजस्व की हानि भी रुकेगी।
हालांकि एसोसिएशन ने अधिसूचना के उस प्रावधान पर आपत्ति जताई है, जिसमें खुदरा विक्रेताओं को केवल वाहनों के टैंक अथवा पेसो से अनुमोदित कंटेनरों में ही डीजल बिक्री करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाध्यक्ष भांभू ने कहा कि हनुमानगढ़ कृषि प्रधान जिला है, जहां अधिकांश किसान ट्रैक्टर, डीजल इंजन और अन्य कृषि उपकरणों के लिए ड्रम अथवा कैन में डीजल खरीदकर खेतों तक ले जाते हैं। पेट्रोल पंपों और खेतों के बीच कई बार 10 से 15 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी होती है। Hanumangarh News
अस्पतालों, बैंकों, मोबाइल टावरों, मैरिज पैलेस और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में लगे जनरेटरों के लिए भी सामान्य कंटेनरों के माध्यम से ही डीजल खरीदा जाता है। वर्तमान में पेसो से अनुमोदित कंटेनर बाजार में आसानी से उपलब्ध नहीं हैं और उनकी कीमत भी काफी अधिक है, जिससे आम उपभोक्ताओं के लिए उन्हें खरीदना व्यावहारिक नहीं है। अधिसूचना लागू होने के बाद उपभोक्ता डीजल नहीं मिलने पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों से विवाद कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक तनाव की स्थिति बन रही है।
एसोसिएशन ने मांग की कि 11 जून 2026 की अधिसूचना में पेसो अनुमोदित कंटेनर की अनिवार्यता को समाप्त किया जाए या इसमें व्यवहारिक राहत प्रदान की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि 21 जून तक इस शर्त में संशोधन नहीं किया गया तो जिले के सभी पेट्रोल पंप 22 जून को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बंद रखे जाएंगे।
इससे जिलेभर में पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री पूरी तरह प्रभावित रहेगी। एसोसिएशन ने केन्द्र सरकार से किसानों, आम उपभोक्ताओं और पेट्रोल पंप संचालकों की व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है। इस मौके पर एसोसिएशन सचिव विपुल धमीजा व कोषाध्यक्ष विनित गणेशगढ़िया सहित अन्य डीलर्स मौजूद रहे। Hanumangarh News