Fraud Alert: परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर नकदी-सोना लेकर फरार हुई दुल्हन
झारखंड की युवती से करवाई थी शादी, शादी के नाम पर 1.35 लाख की ठगी
हनुमानगढ़। जिले के टिब्बी थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो व्यक्तियों ने एक युवक की शादी करवाने के नाम पर उससे 1.35 लाख रुपए लिए और विवाह के कुछ दिन बाद कथित दुल्हन नकदी, सोना और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गई। टिब्बी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार कुलचन्द्र गांव के वार्ड नम्बर 5 निवासी राकेश (38) पुत्र सतपाल कुम्हार ने टिब्बी थाने में रिपोर्ट दी कि उसकी पहचान चिलकनी निवासी महावीर पुत्र राममूर्ति जाट तथा जसाना निवासी सुभाष पुत्र बगड़ावत सिंह जाट से थी। दोनों ने उसके परिवार को बताया कि झारखंड की एक गरीब परिवार की युवती चिलकनी गांव में रह रही है और उसकी शादी राकेश से करवाई जा सकती है।
रिपोर्ट के अनुसार बातचीत के दौरान दोनों आरोपियों ने शादी करवाने के लिए खर्चा होने की बात कही, जिस पर राकेश और उसके परिजनों ने उन्हें 1 लाख 35 हजार रुपए दे दिए। इसके बाद 8 जून 2026 को राकेश की शादी सुधा सिंह पुत्री चखा सिंह हाल निवासी चिलकनी के साथ करवा दी गई। विवाह के बाद युवती कुलचन्द्र स्थित ससुराल में रहने लगी। Hanumangarh News
राकेश ने आरोप लगाया कि 11 जून की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए। सुबह जागने पर युवती घर से गायब मिली और घर का सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर 50 हजार रुपए नकद, करीब दो तोला सोना तथा उसका रियलमी सी-21 मोबाइल फोन भी गायब मिला। प्रार्थी का आरोप है कि युवती ने परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ देकर वारदात को अंजाम दिया।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि महावीर और सुभाष ने आपस में षड्यंत्र रचकर शादी के नाम पर धोखाधड़ी की और 1.35 लाख रुपए हड़प लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सूरेवाला पुलिस चौकी के सहायक उप निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर संबंधित व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। Hanumangarh News