शिक्षा और रोजगार
Sirsa News: बडागुढा सहकारी बैंक गबन मामला: 5 माह बाद सामने आया कैशियर
प्रबंधक पर लगाए पैसे निकालने के आरोप
Baragudha Cooperative Bank Scam: ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। दी सरसा केंद्रीय सहकारी बैंक की बडागुढा शाखा में महिला खाताधारक के खाते से 7.35 लाख रुपये के कथित गबन मामले में करीब पांच माह से गायब चल रहा कैशियर सुभाष चाहर अब सामने आया है। सुभाष ने बडागुढा थाना में शिकायत देकर तत्कालीन शाखा प्रबंधक इंद्रपाल बिश्नोई और एक कर्मचारी पर उसके खाते से बिना अनुमति 7.35 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करने का आरोप लगाया है। Sirsa News
सुभाष का कहना है कि उसके खाते से राशि ट्रांसफर करने के लिए न तो उसकी अनुमति ली गई और न ही कोई वाउचर तैयार किया गया। उसने आरोप लगाया कि मामले की शिकायत महाप्रबंधक को भी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
गौरतलब है कि 18 फरवरी को महिला खाताधारक के खाते से 7.35 लाख रुपये निकालकर गबन करने के आरोप सुभाष पर लगे थे। मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने उसे कई बार नोटिस भेजकर जांच में शामिल होने के लिए बुलाया, लेकिन वह फोन बंद कर गायब रहा। बाद में संबंधित राशि महिला के खाते में जमा करवा दी गई थी। मामले के सामने आने के बाद तत्कालीन शाखा प्रबंधक इंद्रपाल बिश्नोई, धर्मपाल, ओमप्रकाश और बलवंत को निलंबित किया गया था, जबकि कैशियर सुभाष को भी पद से हटा दिया गया था। मामले की जांच एसआईटी द्वारा की गई थी। Sirsa News
जांच अधिकारी एएसआई कविता देवी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले में दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया था, लेकिन सभी संबंधित व्यक्ति उपस्थित नहीं हुए। शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।