NEET 2026 Re-exam: ''ज़ीरो टॉलरेंस पर होगी नीट पुन: परीक्षा, 300 मीटर में "नो एंट्री ज़ोन"
जिले के 6 केंद्रों पर 2256 परीक्षार्थी
NEET 2026 Re-exam: श्रीगंगानगर। इस रविवार 21 जून को जिले में होने वाली नीट यूजी-2026 परीक्षा इस बार पूरी तरह सख्ती के घेरे में रहेगी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी तरह की लापरवाही या नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले के 6 केंद्रों पर 2256 अभ्यर्थियों को पंजीकृत किया गया है। जिसके तहत प्रत्येक केंद्र के 300 मीटर तक नो-एंट्री ज़ोन लागू रहेगा, जहां अनाधिकृत लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित होगी। Sri Ganganagar News
इस परीक्षा की तैयारियों को लेकर आमुखीकरण बैठक आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें एडीएम सतर्कता रीना छींपा, एसीईओ हरीराम चौहान तहसीलदार रवि कुमार, मुकुल चौधरी, तहसीलदार निर्वाचन महेंद्र कुमार, विकास अधिकारी भंवर लाल स्वामी, जिला समन्वयक भूपेश शर्मा, एनटीए सीटी कोऑर्डिनेटर श्रीसुशील कुमार, सभी केंद्रों के नोडल पुलिस अधिकारी व केंद्रअधीक्षक तथा पर्यवेक्षक मौजूद रहे। जिला नोडल अधिकारी रीना छींपा ने बताया कि इस बार भी परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर के दायरे को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश और भीड़ जुटना वर्जित रहेगा।
हर केंद्र पर तैनात एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा सभी केन्द्रों पर एक-एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट तथा एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है। साथ ही परीक्षा के दिन फोटोस्टेट और साइबर कैफे की दुकानें भी बंद रहेंगी। Sri Ganganagar News
1.30 बजे के बाद प्रवेश वर्जित
"नीट यूजी-2026 के क्रम में परीक्षार्थी को एडमिट कार्ड, मूल पहचान पत्र और पोस्टकार्ड साईज की फोटो के साथ आवंटित केंद्र पर 11 बजे केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। जबकि 1.30 बजे गेट बंद कर दिए जायेंगे। 720 अंकों के इस पेपर में कुल 180 सवाल पूछे जाने हैं। कुछ परीक्षा केंद्रों की लोकेशन गूगल मैप्स जैसे प्लेटफॉर्म पर गलत तरीके से दिखाई दे सकती है। ऐसे में अभ्यर्थियों को केवल मैप पर दिख रहे लोकेशन पिन पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।" भूपेश शर्मा, सह- नोडल अधिकारी, श्रीगंगानगर