शिक्षा और रोजगार
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव कल जयपुर-दरभंगा अमृत भारत ट्रेन को करेंगे रवाना
मेगा कोचिंग टर्मिनल, खातीपुरा का भी करेंगे शुभारम्भ
जयपुर (सच कहूँ/गुरजंट सिंह धालीवाल)। Jaipur News: अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय रेल मंत्री तथा अर्जुन राम मेघवाल, केन्द्रीय कानून मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) 21 जून को बीकानेर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में प्रात: 9 बजे बीकानेर (लालगढ़)-अहमदाबाद (साबरमती) एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव जयपुर के खातीपुरा स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांय 3 बजे जयपुर-दरभंगा अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस दौरान वे मेंटेनेंस सुविधाओं को अत्याधुनिक और उत्कृष्ट बनाने के लिए मेगा कोचिंग टर्मिनल, खातीपुरा का भी शुभारम्भ करेंगे। इसके अलावा रेलमंत्री वैष्णव 41 छोटे एवं मध्यम स्टेशनों पर नए प्लेटफॉर्म, प्लेटफॉर्म उन्नयन एवं विस्तार तथा 16 स्टेशनों पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली का भी लोकार्पण करेंगे। खातीपुरा में आयोजित कार्यक्रम में घनश्याम तिवाड़ी, सांसद-(राज्यसभा,) मंजू शर्मा, सांसद-जयपुर श्री कैलाशचंद वर्मा, विधायक-बगरू उपस्थित रहेंगे।
आधुनिक, तेज अमृत भारत एक्सप्रेस
अमृत भारत एक्सप्रेस भारतीय रेल द्वारा शुरू की गई एक आधुनिक, तेज एवं यात्री-केंद्रित रेल सेवा है। यह ट्रेन भारतीय रेल के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अमृत भारत एक्सप्रेस में अत्याधुनिक कोच लगाए गए हैं। ट्रेन में बेहतर द्वितीय शयनयान एवं साधारण श्रेणी कोच, एलईडी प्रकाश प्रणाली, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, आधुनिक सूचना एवं उद्घोषणा प्रणाली तथा स्वच्छ शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। कोचों में सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य उन्नत सुविधाएं प्रदान की गई हैं।
4100 करोड़ से 77 स्टेशनों का हुआ पुर्नविकास
उपरे के सीपीआरओ अमित सुदर्शन ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे के 77 स्टेशनों पर लगभग 4100 करोड़ रूपए से अधिक की लागत से पुनर्विकास कार्य किए जा रहे हैं। 5 स्टेशनों को पुनर्विकसित कर आमजन के लिए उपलब्ध करवा दिए गए हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे के 41 छोटे एवं मध्यम स्टेशनों पर विभिन्न विकास कार्य किए गए है। इन स्टेशनों पर नए प्लेटफॉर्म, प्लेटफॉर्म उन्नयन और विस्तार के कार्य किए गए हैं तथा 16 स्टेशनों पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली की शुरुआत की गई है।
मेगा कोचिंग टर्मिनल, खातीपुरा
जयपुर शहर के बढ़ते आकार और आमजन की परिवहन आवश्यकताओं को देखते हुए रेलवे द्वारा दीर्घकालीन योजनाएं बनाई गई हैं। मेंटेनेंस सुविधाओं को उत्कृष्ट बनाने के लिए खातीपुरा स्टेशन पर 205 करोड़ रूपये की लागत से मेगा कोचिंग टर्मिनल का निर्माण किया गया है। मेगा कोचिंग टर्मिनल के निर्माण से सभी प्रकार की ट्रेनों जैसे वंदे भारत, डेमू, एलएचबी रेक और अन्य सभी प्रकार की ट्रेनों के रेक का अनुरक्षण कार्य एक ही स्थान पर किया जा सकेगा।
खातीपुरा स्टेशन पर कोचिंग मेंटेनेंस सुविधाओं के विस्तार के तहत व्यापक कार्य किए गए हैं। नवनिर्मित मेगा कोचिंग टर्मिनल नई रेल लाइनों, वॉशिंग पिट, स्टेबलिंग लाइनों तथा आधुनिक तकनीकी संसाधनों के साथ इस परिसर को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करता है। यह कार्य न केवल ट्रेनों के रखरखाव की क्षमता को बढ़ाएगा, बल्कि जयपुर जंक्शन पर बढ़ते परिचालन दबाव को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मेगा कोचिंग टर्मिनल में 2 वॉशिंग लाइन, 2 इंस्पेक्शन बे लाइन, भारी मरम्मत के लिए 2 लाइन का कवर्ड शेड, 7 स्टेबलिंग लाइन तथा 1 व्हील लेथ लाइन का निर्माण किया गया है। ये सभी सुविधाएँ ट्रेनों के अनुरक्षण कार्य को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और समयबद्ध बनाएंगी।मेंटेनेंस सुविधाओं को अत्याधुनिक टेक्नोलाजी का उपयोग कर उत्तर पश्चिम रेलवे पर पहली बार बोगी ड्रॉप पिट (Bogie Drop Pit) मशीन लगाई गई है जिससे रेक मेंटेनेंस समय में बचत होगी तथा कार्य सुगम होगा। इसके साथ ही Retractable OHE की स्थापना से maintenance activities में तेजी आएगी। मेगा कोचिंग टर्मिनल में four tier examination system स्थापित किया गया है। इसके साथ ही Synchronized Coach Lifting System (4 Car) आधुनिक एवं मॉडर्नाइज्ड क्रेन, व्हील लेथ,
आटोमैटिक कोच वाशिंग प्लांट और Body under gear scanning system जैसी एडवांस टेक्नोलाजी युक्त मशीनें भी उपलब्ध करवाई गई हैं, जिससे मेंटेनेंस की गुणवत्ता बढ़ेगी और संरक्षा में और अधिक सुधार आएगा।
इन सभी अत्याधुनिक तकनीकों और सुविधाओं के समावेश से मेगा कोचिंग टर्मिनल रेलवे अनुरक्षण के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा। बेहतर गुणवत्ता, अधिक संरक्षा और कम समय में अधिक रेकों के अनुरक्षण की क्षमता भविष्य में इस क्षेत्र में अधिक ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त करेगी।
भारतीय रेल आधुनिक अवसंरचना, तकनीकी नवाचार और उत्कृष्ट यात्री सुविधाओं के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। मेगा कोचिंग टर्मिनल इसी संकल्प का एक सशक्त प्रतीक है, जो भविष्य की रेल सेवाओं को नई दिशा और नई गति प्रदान करेगा।
