हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल, अपराधियों के सामने सरकार ने टेक दिए घुटने : सतनाम सिंह विर्क

हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल, अपराधियों के सामने सरकार ने टेक दिए घुटने : सतनाम सिंह विर्क

Published On

पिहोवा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता सरदार सतनाम सिंह विर्क ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और प्रदेश में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ चुका है कि आम नागरिक, व्यापारी और उद्योगपति खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में दिन-प्रतिदिन बढ़ रही आपराधिक घटनाएं भाजपा सरकार की विफलता को उजागर कर रही हैं।विर्क ने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश और बिहार को अपराध के लिए बदनाम किया जाता था, लेकिन आज हरियाणा में जिस प्रकार हत्या, लूटपाट, रंगदारी, गोलीबारी और व्यापारियों को धमकाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, उससे प्रदेश में “जंगल राज” जैसी स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने कहा कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं क्योंकि उन्हें कानून का कोई डर नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और अपराध भी नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। हरियाणा आज बेरोजगारी और अपराध दोनों मामलों में देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाने लगा है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने और प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री को हरियाणा की जनता की समस्याओं की बजाय पंजाब की राजनीति की अधिक चिंता दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आए दिन पंजाब में सरकार बनाने के दावे करते हैं, जबकि अपने ही प्रदेश में कानून व्यवस्था संभालने में असफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री की अपनी सीएम सिटी कुरुक्षेत्र में भी गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं तो प्रदेश के अन्य जिलों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। विर्क ने कहा कि व्यापारियों से रंगदारी मांगने, धमकियां देने, गोली चलाने और लूटपाट जैसी घटनाओं ने कारोबारी वर्ग में भय का माहौल पैदा कर दिया है। प्रदेश की जनता अब सुरक्षित महसूस नहीं कर रही और भाजपा सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाए, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे तथा आम जनता और व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाए। विर्क ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर ऐसे मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और प्रदेश की बिगड़ती स्थिति को लेकर सरकार को जवाबदेह बनाएगी।

About The Author

Related Posts