भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे, कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
ब्लॉक प्रांगण में विकास खण्ड स्तरीय त्रि-दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित
कैराना। केंद्र में भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रविवार को ब्लॉक प्रांगण में विकास खण्ड स्तरीय त्रि-दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया, जिसके प्रथम दिन का शुभारंभ मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे स्थानीय भाजपा नेता अनिल चौहान ने किया। इससे पूर्व, कार्यक्रम में पहुंचने पर बीडीओ बृजेश गुप्ता ने पुष्प-गुलदस्ता भेंट करके उनका स्वागत किया। Kairana News
भाजपा नेता अनिल चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश-विदेश में अनेकों गौरवशाली कार्य किये है। जम्मू-कश्मीर से धारा-370 व 35ए को हटाना उनमें से एक है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा कृषि, सड़क, परिवहन, रक्षा, अर्थव्यवस्था आदि विभिन्न क्षेत्रों में किये गए उल्लेखनीय कार्यों पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। भाजपा नेता ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश में गरीबों के कल्याण के लिए कार्य किया है।
सरकार ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित करके देश के आम आदमी की तरक्की का रास्ता साफ किया है। उन्होंने उपस्थित लोगो से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। शिविर में मौजूद स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि, पंचायती राज, कॉपरेटिव, महिला एवं बाल विकास व महिला कल्याण आदि विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों के द्वारा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी साझा की।
इस दौरान एडीओ पंचायत राहुल पंवार, एडीओ आईएसबी राजीव कुमार, एडीओ कॉपरेटिव सुधीर पंवार, एडीओ समाज कल्याण ऋतु गुप्ता, एसटीएलएस जरीफ अहमद, एलएचवी लीलावती व उर्मिला सैनी आदि मौजूद रहे। वहीं, एडीओ पंचायत राहुल पंवार ने बताया कि शासन के निर्देश पर ब्लॉक प्रांगण में त्रि-दिवसीय विकास खण्ड स्तरीय जन कल्याण शिविर आयोजित किया गया है, जिसमें पहले दिन केंद्र व राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया गया है। उन्होंने बताया कि शिविर सोमवार व मंगलवार को भी आयोजित किये जायेंगे। Kairana News
