न्यू अशोक नगर में मोबाइल झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी से खुली झपटमारी की परतें, दिल्ली पुलिस ने दो युवकों को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली (एजेंसी)। New Delhi: दिल्ली पुलिस की पूर्वी जिला टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन झपटमारी के एक मामले को मात्र दो दिन में सुलझा लिया है। न्यू अशोक नगर पुलिस स्टेशन की टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से छीना गया मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
12 जून 2026 को वसुंधरा एन्क्लेव इलाके में दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने एक व्यक्ति का मोबाइल फोन झपट लिया था। पीड़ित की शिकायत पर न्यू अशोक नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर की गई। एसएचओ न्यू अशोक नगर की निगरानी और एसीपी कल्याणपुरी के मार्गदर्शन में हेड कांस्टेबल नितिन, अजीत, बॉबी और प्रदीप की टीम ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया।
अपराध स्थल के आसपास के कैमरों से मिली फुटेज से मोटरसाइकिल का पता चला। पुलिस ने मोटरसाइकिल के मालिक से पूछताछ की तो पता चला कि उसका जीजा अर्जुन इसे चला रहा था। पुलिस टीम तुरंत नोएडा के सेक्टर-168, गांव छपरौली पहुंची और अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अर्जुन ने अपने साथी शाहिद उर्फ अरमान का नाम बताया।
अर्जुन की निशानदेही पर शशि गार्डन, जवाहर मोहल्ला से शाहिद उर्फ अरमान को भी दबोच लिया गया। शाहिद उर्फ अरमान के पास से पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया गया। अपराध में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
शाहिद उर्फ अरमान (22) साल का है। पुलिस के अनुसार, वह एक खतरनाक और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले ही झपटमारी, लूट और हत्या के प्रयास के 12 मामले दर्ज हैं।
वहीं, दूसरा आरोपी अर्जुन (21) साल का है। वह उत्तर प्रदेश के नोएडा, सेक्टर-168, गांव छपरौली में रहता है। उसने 8वीं पास की है और कूरियर डिलीवरी बॉय का काम करता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अब इनके अन्य अपराधों की भी जांच कर रही है।
