रेलवे में नौकरी का झांसा देकर ठगे साढ़े 3 लाख, पीड़ित युवक ने दी जान
जीजा सहित तीन पर केस दर्ज
कैथल (सच कहूँ न्यूज)। गांव खेड़ी शेरखां में करीब 24 वर्षीय युवक ने सल्फास खाकर सुसाइड कर लिया। मृतक के पिता ने उसके जीजा, पत्नी के मामा और जीजा के पिता पर युवक को आत्महत्या के लए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गांव खेडी शेरखां निवासी शमशेर ने राजौंद थाना में दी शिकायत में बताया कि वह मजदूरी करता है। उसके दो लड़के व दो लड़कियां हैं। एक लड़की ज्योति गांव डुमरखां खुर्द जिला जींद में दीपक के साथ शादीशुदा है।
उसके बेटे अमन को उसके जीजा दीपक ने करीब 6 महीने पहले कहा कि वह उसको रेलवे में टीटी की सरकारी नौकरी लगवा देगा और इसके लिए रुपए देने पड़ेंगे। उन्होंने अमन को 3 लाख 50 हजार रुपए देकर दीपक के पास भेज दिया। दीपक उसके लड़के अमन को लेकर बीकानेर चला गया और वहां पर जाकर उसको रेलवे में चद्दर बदलने व साफ सफाई के काम में लगवा दिया। आरोपी कहने लगा कि एक दो महीने में आपका टीटी के पद पर काम हो जाएगा। अप्रैल 2026 में अमन की शादी कर दी। अमन की शादी के बाद दीपक ने रिश्तेदारों को कह दिया कि अमन रेलवे में कोई टीटी वगैरह नहीं है, वह ठेके पर लगा हुआ है।
इस पर अमन व उसकी पत्नी का आपसी मनमुटाव हो गया। अमन इसी बात को लेकर परेशान रहने लगा। 10 जून को अमन घर में अकेला था। परिवार के सभी सदस्य अपने अपने काम से बाहर गए थे। वापस आकर जब उसकी बेटी ज्योति अपने भाई अमन को चाय देने के लिए कमरे में गई, तो पाया कि अमन उल्टी कर रहा था व कमरे में जहरीली दवा सल्फास की बदबू आ रही थी। इस पर ज्योति ने शोर मचाया, जिसे सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए।
तीन पर केस दर्ज
परिजन अमन को नागरिक अस्पताल नरवाना जिला जींद लेकर गए, जहां से उसे अग्रोहा रेफर कर दिया। वहां पर जांच के बाद डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके बेटे अमन को उसके अपने जीजा दीपक, उसकी पत्नी के मामा जयभगवान व दीपक के पिता बलवंत ने आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। राजौंद थाना के जांच अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।