अबोहर में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जनसभा को किया संबोधित
पंजाब में भाजपा नेताओं की बढ़ी सक्रियता, किए दौरे
अबोहर (सच कहूँ/मेवा सिंह)। Abohar News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को अबोहर की अनाज मंडी में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी। इस बैठक में अबोहर, बल्लुआना, फाजिल्का और जलालाबाद विधानसभा क्षेत्रों से हजारों लोग शामिल हुए। भीड़ को देखकर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यह इस बात का संकेत है कि 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनना तय है।
उन्होंने कहा कि लोग आम आदमी पार्टी की सरकार से निराश हैं और अब डबल इंजन सरकार चाहते हैं। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी सहित कई नेता मौजूद रहे। इसके अलावा सुनील जाखड़, अबोहर विधायक संदीप जाखड़, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत ज्याणी, जिला अध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह काका, भाजपा नेता मोना जैसवाल, शिवराज गोयल, बल्लुआना इंचार्ज वंदना संगवाल और फाजिलका से रंजन कामरा सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में न होने के बावजूद अबोहर नगर निगम चुनावों में शानदार सफलता हासिल की है, जो पंजाब में बढ़ते जनसमर्थन को दर्शाता है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनकी रैली को बाधित करने के लिए सड़कों पर गड्ढे किए गए थे, लेकिन वे पीछे नहीं हटे। उन्होंने आप सरकार और नेतृत्व पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए और कहा कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई ने सच्चाई सामने ला दी है।
सभा में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है और राज्य में हत्या की घटनाएँ बढ़ रही हैं। उन्होंने नशे की समस्या पर भी सरकार को घेरा और कहा कि इसे रोकने में सरकार असफल रही है। विधायक संदीप जाखड़ ने अबोहर में मेडिकल कॉलेज की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री सैनी ने आश्वासन दिया कि पंजाब में भाजपा सरकार बनने के बाद अबोहर को मेडिकल कॉलेज दिया जाएगा।
