गुरुग्राम पुलिस ने पकड़ा हथियारों का बड़ा नेटवर्क, तीन राज्यों तक फैला था कारोबार
खरीददार, दलाल और फैक्ट्री संचालक सहित पूरा नेटवर्क ध्वस्त
गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 ने एक बड़े अंतर्राज्यीय अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का पदार्फाश करते हुए मध्य प्रदेश में संचालित अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में हथियार खरीदने वाले, सप्लायर, दलाल और फैक्ट्री संचालक सहित पूरे गिरोह को पकड़ लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले की शुरूआत 29 मई 2026 को हुई थी, जब क्राइम ब्रांच की टीम ने सेक्टर-15 स्थित 32 माइलस्टोन सर्विस रोड के पास से योगेश उर्फ हर्ष को तीन अवैध देशी पिस्टलों सहित गिरफ्तार किया था। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इटावा का निवासी है और गुरुग्राम के गांव गढ़ाईपुर में रह रहा था। उसके खिलाफ सिविल लाइन थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ के दौरान योगेश ने खुलासा किया कि उसे हथियार जसबीर नामक व्यक्ति ने उपलब्ध कराए थे। इसके आधार पर पुलिस ने 9 जून को उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी जसबीर और मध्य प्रदेश के धार निवासी जगत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि जगत सिंह पिछले करीब 30 वर्षों से अवैध हथियार बनाने का काम कर रहा था। अदालत से पुलिस रिमांड मिलने के बाद उसने बताया कि बरामद पिस्टल उसी ने तैयार की थीं और उन्हें जसबीर को 60 हजार रुपये में बेचा था। उसकी निशानदेही पर धार जिले के गांव सिंघाना की पहाड़ियों में स्थित एक कमरे में चल रही अवैध फैक्ट्री पर छापा मारा गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री से तीन अवैध पिस्टल, एक मैगजीन तथा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और पुर्जे बरामद किए। आरोपी विभिन्न राज्यों में 15 से 20 हजार रुपये प्रति हथियार की दर से पिस्टल और कट्टे सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार जगत सिंह के खिलाफ राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और दिल्ली में 13 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से पूरे अवैध हथियार नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।