इग्नू लर्नर सपोर्ट सेंटर-23139 के नए समन्वयक बने विनोद कुमार
दूरस्थ शिक्षा के विस्तार और अंतिम पंक्ति तक शिक्षा पहुंचाने पर रहेगा फोकस
हनुमानगढ़। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर ने हनुमानगढ़ स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संचालित लर्नर सपोर्ट सेंटर (एलएससी-23139) के लिए विनोद कुमार को नया पार्ट टाइम कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया है। क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ममता भाटिया की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति इग्नू मुख्यालय, नई दिल्ली के पत्र के संदर्भ में की गई है। Hanumangarh News
जारी आदेश में बताया गया है कि विनोद कुमार राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हनुमानगढ़ में संचालित इग्नू लर्नर सपोर्ट सेंटर-23139 के समन्वयक के रूप में कार्य करेंगे। क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर ने उनसे स्थानीय स्तर पर शैक्षणिक अवसरों के विस्तार तथा छात्र-छात्राओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई है। क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ममता भाटिया ने कहा कि इग्नू शिक्षा के प्रसार और दूरस्थ शिक्षा प्रणाली को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। इस दिशा में स्थानीय अध्ययन केन्द्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने नव नियुक्त समन्वयक से छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए केन्द्र की गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया। नव नियुक्त समन्वयक विनोद कुमार ने कहा कि उनका प्रयास अंतिम पंक्ति तक शिक्षा पहुंचाने का रहेगा। उन्होंने बताया कि ऐसे छात्र-छात्राएं, विशेष रूप से महिलाएं या अन्य लोग जिनकी पढ़ाई किसी कारणवश बीच में छूट गई है अथवा जो नियमित रूप से महाविद्यालयों में अध्ययन नहीं कर सकते, वे इग्नू के माध्यम से घर बैठे अपनी शिक्षा जारी रख सकते हैं।
इग्नू की ओर से उन्हें आवश्यक अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने बताया कि इग्नू देशभर में लगभग 250 पाठ्यक्रम संचालित करता है। नौकरीपेशा एवं सरकारी सेवा में कार्यरत लोग भी अपनी योग्यता बढ़ाने, पदोन्नति के अवसर प्राप्त करने और कौशल विकास के लिए इन पाठ्यक्रमों का लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा नियमित रूप से अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भी डिस्टेंस एजुकेशन के माध्यम से डिप्लोमा, सर्टिफिकेट, पीजी डिप्लोमा तथा अन्य रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम कर अपनी अकादमिक प्रोफाइल को मजबूत बना सकते हैं।
विनोद कुमार ने बताया कि केन्द्र पर शुरू किए गए डीईसी कार्यक्रमों को लेकर भी युवाओं में अच्छा रुझान देखने को मिल रहा है। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इग्नू लर्नर सपोर्ट सेंटर-23139 क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर के अधीन संचालित होता है और यहां विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक सहायता प्रदान की जाती है।