Jaipur Firecracker Factory Fire Case: पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड में थाना अधिकारी सहित आठ पुलिसकर्मी सस्पेंड
अवैध विस्फोटक सामग्री एवं पटाका संग्रहण करने वाले की सघन जांच के आदेश
Jaipur Firecracker Factory Fire Case: जयपुर (सच कहूँ न्यूज)। खो नागोरियान क्षेत्र में संचालित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुई अग्निकांड की घटना को गंभीरता से लेते हुए जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने थाना अधिकारी सहित आठ पुलिस कर्मिको को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। श्री मित्तल ने बताया कि अंतरिम जांच रिपोर्ट के आधार पर थानाधिकारी खो नागोरिया ओमप्रकाश मातवा सहित हेड कांस्टेबल अशोक, कांस्टेबल रामावतार, कांस्टेबल दिनेश, कांस्टेबल आसिफ, कांस्टेबल हरेन्द्र, कांस्टेबल अशोक को निलंबित कर दिया गया है। Jaipur News
साथ ही, पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजीता शर्मा द्वारा घटना के तुरंत बाद एएसआई अमर सिंह एवं हेड कांस्टेबल पप्पू राम को सस्पेंड किया है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि घटना की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गहन जांच सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अजय सिंह को जांच का दायित्व सौंपा गया है। उनके निर्देशन में एक जांच समिति का गठन किया गया है, जो घटना के सभी पहलुओं, संबंधित अधिकारियों की भूमिका तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो | Jaipur News
मित्तल ने जयपुर शहर के सभी जिला पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित कारखानों, गोदामों, पटाखा भंडारण स्थलों एवं अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों का विशेष सर्वे एवं निरीक्षण अभियान चलाया जाए। ऐसे प्रतिष्ठानों की पहचान कर उनकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मित्तल ने निर्देश दिए कि थाना स्तर पर बीट अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों के माध्यम से डोर-टू-डोर सर्वे कर अवैध रूप से संचालित विस्फोटक सामग्री एवं पटाखों के भंडारण स्थलों की पहचान की जाए। अभियान के दौरान अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। Jaipur News