इस्तीफे के बाद भी नहीं थम रहा रेनू भाटिया के खिलाफ रोष, अब थाना में शिकायत दर्ज

नर्सें बोलीं, केवल इस्तीफा देना पर्याप्त नहीं, सार्वजनिक माफी मांगे रेनू भाटिया 

Published On

कुरुक्षेत्र (सच कहूँ/देवीलाल बारना)। Kurukshetra News: एलएनजेपी नागरिक अस्पताल प्रकरण को लेकर हरियाणा महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रेनू भाटिया के खिलाफ नर्सिंग स्टाफ का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को कुरुक्षेत्र जिले की नर्सिंग आॅफिसर्स आदर्श थाना पहुंची और रेनू भाटिया के खिलाफ शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। नर्सिंग कर्मियों का आरोप है कि रेनू भाटिया की टिप्पणियों से पूरे नर्सिंग समुदाय को ठेस पहुंची है। उनका कहना है कि बिना जांच के नर्सिंग स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए गए, जिससे प्रदेशभर की नर्सें आहत हैं।  

वहीं एलएनजेपी नागरिक अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ का विरोध प्रदर्शन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। हालांकि नर्सिंग यूनियन के निर्णय के बाद मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी गई। नर्सिंग आॅफिसर मोनिका ने कहा कि राज्य महिला आयोग की पूर्व चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा तो दे दिया, लेकिन नर्सिंग स्टाफ की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगी। नर्स अनीता ने कहा कि नाबालिग से दुराचार मामले में यदि कोई डॉक्टर दोषी पाया जाता है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, लेकिन एक व्यक्ति के अपराध के लिए पूरे नर्सिंग स्टाफ को जिम्मेदार ठहराना गलत है। 

कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ने अस्पताल पहुंचकर दिया समर्थन

बुधवार को हरियाणा कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी अस्पताल पहुंचीं। दावा किया उनकी जिला टीम ने रेप पीड़ित बेटी के साथ मुलाकात की। साथ ही नर्सिंग स्टाफ का समर्थन भी किया। उन्होंने आरोपी डॉक्टर शैलेंद्र शर्मा शैली के पुराने मामले की भी जांच की जाए। साथ ही उसके पिछले 20 वर्षों के रिकॉर्ड को खंगाला जाए। डॉक्टर की अपॉइंटमेंट में किसके सिग्नेचर हैं और कौन-कौन इस मामले में इनवॉल्वड है। पर्ल चौधरी ने कहा कि रेप के आरोपी डॉक्टर के खिलाफ केवल वर्तमान मामले की जांच पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके पिछले 20 वर्षों के रिकॉर्ड को भी खंगाला जाना चाहिए। पर्ल चौधरी ने कहा कि राज्य महिला आयोग की पूर्व चेयरपर्सन रेणु भाटिया का इस्तीफा स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन इससे पूरा मामला खत्म नहीं हो जाता। पर्ल चौधरी ने रेणु भाटिया पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि विवादित टिप्पणी के बाद भी सार्वजनिक रूप से माफी न मांगना सत्ता और पद के अहंकार को दर्शाता है। 

रेनू भाटिया के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग

थाना आदर्श में दी गई शिकायत में नर्सिग आॅफिसर ने कहा कि 7 जून को रविवार लगभग 3:30 शाम के समय महिला आयोग की अध्यक्षा रेनू भाटिया द्वारा औचक दौरा किया गया। जिसमें एक कार्यरत डॉक्टर के द्वारा नाबालिग बच्ची के साथ दुराचार के मामले में निरीक्षण पर पहुंची। जिसमें अध्यक्षा द्वारा बिना किसी पूर्ण जानकारी के जच्चा बच्चा वार्ड गैलरी में समस्त नर्सिंग कैडर को दोषी ठहराते हुए नर्सिंग स्टाफ के ऊपर चिलाना शुरू कर दिया, कहा कि डॉक्टर जब अंदर दुष्कर्म कर रहा था, तब तुम लोग नर्सिंग आॅफिसर बाहर बैठ कर चाय पी रही थी।  हम सभी नर्सिंग आॅफिसर दिल की गहराई से पीड़ित बच्ची एवम उसके परिवार के साथ हैं और हम भी चाहते हैं कि जिसके द्वारा ऐसा घिनोना काम किया गया उसको कड़ी से कड़ी सजा मिले, और जो भी इस कृत्य में सम्मलित हो उसे भी सजा मिले। लेकिन अध्यक्षा रेनू भाटिया ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल हमारे खिलाफ किया गया जो बिल्कुल भी सही नही है। रेनू भाटिया के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए।

Kurukshetra News
Kurukshetra News: धरने पर बैठी नर्सिग स्टॉफ, आदर्श थाना में शिकायत देने पहुंचे नर्सिंग ऑफिसर।

About The Author

Related Posts