Punjab
हेड कांस्टेबल 25 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
युवक से बाइक वापस दिलाने के बदले मांग रहा था पैसे
फरीदाबाद (सच कहूँ/सागर दहिया)। Faridabad News: एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-7 पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल रणबीर को 2,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर एक युवक की बाइक वापस दिलाने के बदले पैसे मांगने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सोमदत्त नामक युवक की बाइक 4 मई को सेक्टर-7 क्षेत्र से लापता हो गई थी। बाइक फाइनेंस पर ली गई थी और उसकी कुछ किस्तें बकाया थीं। बाइक नहीं मिलने पर सोमदत्त ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पता चला कि बाइक चोरी नहीं हुई थी, बल्कि बकाया किस्तों के कारण फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने उसे सीकरी स्थित अपने यार्ड में खड़ा कर दिया था। पुलिस जांच के बाद बाइक को यार्ड से चौकी में लाया गया और इसकी सूचना सोमदत्त को दी गई। आरोप है कि जब वह बाइक लेने पहुंचा तो हेड कांस्टेबल रणबीर ने वाहन लौटाने के एवज में रुपये मांगने शुरू कर दिए। पिछले कई दिनों से लगातार पैसे मांगने से परेशान होकर सोमदत्त ने शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। शनिवार को शिकायतकर्ता को 2,500 रुपये देकर चौकी भेजा गया। जैसे ही हेड कांस्टेबल ने पैसे लेकर अपनी जेब में रखे, पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ दबोच लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
