शिकायतों के निस्तारण में अपनाए पारदर्शी व निष्पक्ष दृष्टिकोण: डीएम
तहसील मुख्यालय पर आयोजित हुआ जून माह का प्रथम सम्पूर्ण समाधान दिवस
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: डीएम आलोक यादव ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त होने वाली शिकायतों का अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित, पारदर्शी, निष्पक्ष व धरातलीय निस्तारण सुनिश्चित करें। इसमें लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान विभिन्न मामलों से सम्बंधित 38 शिकायती-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मात्र तीन शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो पाया।
शनिवार को जिलाधिकारी आलोक यादव व पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने तहसील के सभागार कक्ष में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याएं सुनी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डीएम ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को संबंधित अधिकारी गंभीरता से लें और शासन की मंशा के अनुरूप उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायती पत्रों के निस्तारण में हीलाहवाली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि ऐसा पाया गया, तो कार्यवाही निश्चित है। वहीं, एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। थानों पर आने वाले पीड़ितों के साथ में नरमी से पेश आए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर
कार्यवाही की जाए। इस दौरान जलभराव की समस्या से निजात दिलाने, विपक्षियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने, सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने, राशन की दुकान हेतु नया प्रस्ताव करने, भ्रष्टाचार के आरोपी राशन डीलर के खिलाफ कार्यवाही करने आदि से सम्बंधित कुल 38 शिकायती प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मौके पर तीन का निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायती पत्रों को संबंधित विभागों को प्रेषित कर उनके यथाशीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए है। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. अनिल कुमार, जिला विकास अधिकारी प्रेमचंद, जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार, एसडीएम शिवाजी यादव, सीओ हेमंत कुमार, तहसीलदार अर्जुन चौहान, नायब तहसीलदार सतीश यादव, आपूर्ति निरीक्षक मदनपाल सिंह व शौदान सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैराना समयपाल अत्री, एडीओ पंचायत कैराना राहुल पंवार, लेखपाल लवकेश तंवर, अनुराग पंवार, मुज्जकिर खान, विजित पंवार आदि मौजूद रहे।
