आमजन का जीवन प्रभावित कर रही मीट फैक्ट्री, डीएम से कार्यवाही की मांग
विजय लक्ष्मी कल्याण समिति की पदाधिकारियों ने तहसील मुख्यालय पर पहुंचकर फिर सौंपा शिकायती-पत्र
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: विजय लक्ष्मी कल्याण समिति की पदाधिकारियों ने डीएम को शिकायती-पत्र सौंपकर कस्बे कांधला मार्ग पर संचालित मीट फैक्ट्री के संचालन को बंद किये जाने की मांग की है। शनिवार को विजय लक्ष्मी कल्याण समिति की पदाधिकारी रश्मि सैनी व सना खान तहसील मुख्यालय पर पहुंची। जहां पर उन्होंने सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे डीएम आलोक यादव को एक शिकायती-पत्र सौंपा। बताया कि कस्बे के कुछ पीडित नागरिक समिति की पदाधिकारियो के पास आये। उन्होंने अवगत कराया कि कस्बे के कांधला मार्ग पर संचालित मीट फैक्ट्री से अत्यधिक दुर्गंध, गंदगी एवं प्रदूषण फैल रहा है, जिससे क्षेत्र का वातावरण दूषित हो रहा है तथा आमजन का जीवन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।
फैक्ट्री से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों के कारण क्षेत्रवासियो को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, अस्वच्छता एवं असहनीय वातावरण का सामना करना पड रहा है। यह स्थिति भारतीय संविधान के अनुच्छेद-21 के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक को प्राप्त स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में गरिमापूर्ण जीवन जीने के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है। साथ ही, अनुच्छेद-47 राज्य को जनस्वास्थ्य की रक्षा एवं जीवन स्तर को बेहतर बनाने हेतु आवश्यक कदम उठाने का दायित्व प्रदान करता है तथा फैक्ट्री के संचालन से निम्न संवैधानिक एवं सामाजिक मूल्यों का हनन हो रहा है, जिनमें स्वच्छता एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संतुलन, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में जीवन जीने का अधिकार, मानवीय गरिमा एवं सामाजिक सम्मान तथा सामुदायिक हित एवं जनकल्याण शामिल है।
यदि मीट फैक्ट्री पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण संबंधी निर्धारित मानको का पालन नहीं कर रही है, तो यह कानून एवं नागरिको के संवैधानिक अधिकारों के प्रतिकूल है। पत्र में मांग की गई है कि नागरिकों की समस्या को देखते हुए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए मीट फैक्ट्री के संचालन को तत्काल बंद कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण प्राप्त हो सके। समिति की पदाधिकारी इससे पूर्व एसडीएम को ज्ञापन-पत्र देकर मीट फैक्ट्री के संचालन को बंद कराए जाने की मांग कर चुकी है।
2.jpg)