भतीजे की हत्या करने वाले रिश्ते के चाचा को पुलिस मुठभेड में किया गिरफ्तार
मुठभेड़ में अभियुक्त विराज के पैर में लगी गोली, हुआ घायल
फिरोजाबाद (सच कहूँ न्यूज़)। Firozabad News: अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन आगरा के निर्देशन व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के अन्तर्गत थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम द्वारा पटक पटक कर रिश्ते के भतीजे की हत्या की करने वाले अभियुक्त विराज उर्फ जितेन्द्र पुत्र विजेन्द्र पाल निवासी शेखूपुर थाना सिविल लाइन जनपद बदायूं को भूढ़ा भरथरा मोड़ मैनपुरी रोड़ थाना शिकोहाबाद से पुलिस मुठभेड के दौरान गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त के कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 01 खोखा, 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर सहित गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त उपरोक्त विराज उर्फ जितेन्द्र के विरूद्ध अग्रिम आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि मासूम बच्चे की मां रति द्वारा थाना शिकोहाबाद पर लिखित तहरीर दी गयी कि शनिवार दिन में यादव कॉलोनी थाना शिकोहाबाद में उसके एक डेढ़ वर्षीय बच्चे की पटकर हत्या कर दी हैं। उक्त घटना के सफल अनावरण हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा 04 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। चंद घंटे बाद पुलिस टीम को मुखबिर द्वारा सूचना दी गयी कि बच्चे की हत्या करने वाला अभियुक्त विराज उर्फ जितेन्द्र भूढ़ा भरथरा मोड़ मैनपुरी रोड़ पर छिपते-छिपाते घूम रहा है। सूचना पर थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम द्वारा भूढ़ा भरथरा मोड मैनपुरी रोड़ पर घेराबंदी की गयी।
इसी दौरान पुलिस टीम को सामने से आ रहा 01 संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया जिसे पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास किया गया। संदिग्ध व्यक्ति द्वारा पुलिस टीम को देखते ही जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से घायल हो गया । घायल अभियुक्त की पहचान विराज उर्फ जितेन्द्र पुत्र विजेन्द्र पाल निवासी शेखूपुर थाना सिविल लाइन जनपद बदायूं के रुप में हुई है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, उ0नि0 मनमोहन शर्मा, उ0नि0 रोहित कुमार, एसआई ऋषभ थाना, उदयप्रताप सिंह, अनिल गुप्ता, अभिषेक कुमार आदि शामिल रहे।
