Ganga Dussehra: गंगा दशहरा पर 'कालिंदी' पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
सुरक्षा-व्यवस्था के मद्देनजर यमुना पर दिनभर मुस्तैद रहा पुलिस-प्रशासनिक अमला
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गंगा दशहरा के अवसर पर यमुना नदी पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भीषण गर्मी के बीच यूपी-हरियाणा से नदी पर पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना कर परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की गई। तमाम व्यवस्था चाक-चौबंद होने के चलते यमुना स्नान बिना किसी हादसे के शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गया।
सोमवार को क्षेत्र में गंगा दशहरा का पर्व श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रविवार रात्रि से ही यूपी-हरियाणा सीमा से गुजर रही यमुना नदी पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सूर्य उगने तक यमुना पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। यूपी और हरियाणा से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने स्नान कर परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। वहीं, श्रद्धालुओं ने यमुना घाट पर स्थित प्राचीन मंदिरों के दर्शन करके पितरों की शांति के लिए विशेष पूजा-अर्चना की।
मेले में श्रद्धालुओं ने जमकर की खरीदारी
गंगा दशहरा के चलते यमुना के किनारे विशाल मेले का आयोजन किया गया था। जहां पर स्नान करने आए श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की। सबसे ज्यादा उत्साह बच्चों व महिलाओं में देखने को मिला, जिन्होंने अपने पसंदीदा सामान की खरीदारी की। वहीं, श्रद्धालुओं ने प्रसाद का वितरण भी किया। उधर, एसडीएम शिवाजी यादव ने बताया कि गंगा दशहरे के पर्व पर यमुना नदी पर आयोजित स्नान बिना किसी हादसे के सकुशल सम्पन्न हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पीएसी की फ्लड कंपनी व प्राइवेट गोताखोर तैनात किए गए थे। यमुना नदी पर 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने स्नान किया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
यमुना नदी में स्नान के चलते सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। एसडीएम शिवाजी यादव, सीओ हेमंत कुमार, तहसीलदार अर्जुन चौहान तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने सोमवार प्रातःकाल से ही यमुना नदी पर डेरा डाल दिया था। इसके अलावा, स्थानीय पुलिस के साथ पीएसी के जवानों को भी तैनात किया गया था। किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए यमुना नदी पर मोटर बोट भी लगाई गई थी, जिसमें पुलिसकर्मी और गोताखोर यमुना में घूमकर कड़ी नजर रखे हुए थे।
प्रशासन ने महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम की भी व्यवस्था कर रखी थी। किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए यमुना पर दो दर्जन से अधिक पीएसी व प्राइवेट गोताखोर तैनात किए गए थे। वहीं, जाम की स्थिति से बचने के लिए श्रद्धालुओं के वाहनों को पुलिस ने खाली पड़ी जगहों पर व्यवस्थित तरीके से खड़ा करा दिया था।
यमुना पर पहुंचे डीएम-एसपी, परखी व्यवस्था
गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर यमुना नदी पर यूपी-हरियाणा से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान करके धर्मलाभ उठाया। इस दौरान डीएम आलोक यादव व एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह भी सोमवार दोपहर के समय यमुना नदी पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने स्थानीय प्रशासन के द्वारा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को मुस्तैदी के साथ में अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
साथ ही, किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर कठोर कार्यवाही के लिए चेताया। वहीं, एसडीएम शिवाजी यादव रविवार रात्रि में ही यमुना नदी पर पहुंच गए थे। उन्होंने रात्रि में ही निरीक्षण करके मातहतों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्था को परखा। एसडीएम ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को भी सजग रहने को कहा। एसडीएम दिन के समय भी नाव में सवार होकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। साथ ही, उन्होंने श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से बचने के लिए कहा। इस दौरान तहसीलदार अर्जुन चौहान भी मौजूद रहे।
