माता हरकी देवी शिक्षण संस्थान में 'एकेडमिक एक्सीलेंस अवार्ड' से सम्मानित हुईं 1235 मेधावी छात्राएं
सरसा के ओढ़ां में पुरस्कार समारोह का आयोजन
ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। माता हरकी देवी शिक्षण संस्थान ओढ़ां में 'एकेडमिक एक्सीलेंस अवार्ड' (शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार) समारोह का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में जिला के कुल 120 निजी एवं सरकारी स्कूलों में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 1235 छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ पहुंचीं, जिन्हें संस्थान की ओर से अवॉर्ड देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ-साथ उन्हें संस्थान का दौरा भी करवाया गया है। इस दौरान छात्राएं बेहद उत्साहित एवं हर्षित नजर आईं। Sirsa News
इस अवसर पर फेडरेशन आॅफ प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन हरियाणा के स्टेट वाइस प्रेसिडेंट डॉ. अमित मेहता, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट पंकज सिडाना, चौपटा ब्लॉक प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान डॉ. रामकिशन खोथ व ओढ़ां ब्लॉक प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान भूपेन्द्र जैन ने विशेष रूप से शिरकत की।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर माता हरकी देवी शिक्षण संस्थान की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. कुलदीप कौर आनंद व एमएचडी महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्णकांत ने कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथियों, छात्राओं, अभिभावकों व अन्य सदस्यों का स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. कुलदीप कौर आनंद ने कहा कि माता हरकी देवी शिक्षण संस्थान लंबे समय से छात्राओं को बेहतर एवं अच्छी शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसी श्रृंखला में सरसा जिला की मेधावी छात्राओं, जिन्होंने 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है उन्हें इस कार्यक्रम में विशेष रूप से सम्मानित किया जा रहा है, ताकि आगामी समय में वे और अधिक उत्साह के साथ शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए अपने परिवार व देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि बेटियां सफलता के सपने देखें, उन्हें पूरा करने की जिम्मेदारी हमारी है। कार्यक्रम में महाविद्यालय की डिग्री व जेबीटी छात्राओं द्वारा शानदार सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां भी दी गईं। इस अवसर पर संस्थान के सहायक निदेशक शशिकांत शर्मा, प्राचार्या डॉ. अभिलाषा शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे। Sirsa News
About The Author