Punjab
रूट परिवर्तन, नई ट्रेनें चलाने को लेकर भेजा मांग पत्र
सरसा रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर ब्राह्मण सभा ने रेल मंत्री को भेजा मांग पत्र, नई ट्रेनों की उठी मांग
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। Sirsa Railway News: ब्राह्मण सभा के प्रधान अर्जुन शर्मा ने भारत सरकार के रेल मंत्री को मांग पत्र भेजकर सरसा रेलवे स्टेशन से यात्रियों और व्यापारियों की सुविधा के लिए कई रेलगाड़ियों के विस्तार, रूट परिवर्तन और नई ट्रेनें चलाने की मांग की है।
उन्होंने फरवरी 2024 में 890 करोड़ रुपये की लागत से बनी नई हांसी-महम-रोहतक रेल लाइन का लाभ देते हुए सरसा से नई दिल्ली के बीच सुबह 4.30 बजे एक नई इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने या फिर तिलक ब्रिज ट्रेन (14085/86) का रूट बदलने का सुझाव दिया है, जिससे व्यापारी मात्र 244 किलोमीटर का सबसे छोटा सफर तय कर एक ही दिन में दिल्ली से काम निपटाकर वापस लौट सकें। इसके अलावा, पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (12801/02) को हांसी-हिसार होते हुए सरसा-बठिंडा तक बढ़ाने, जोधपुर-हिसार एक्सप्रेस
(14891/92) को सरसा तक लाने, तथा भावनगर टर्मिनस स्पेशल (09271/72) को सरसा-बठिंडा होकर चलाने की मांग की है ताकि स्थानीय लोगों को हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन मिल सके। पत्र में बताया गया है कि सरसा स्टेशन पर हाइड्रेंट सुविधा और कैरिज एंड वैगन स्टाफ पहले से उपलब्ध है, तथा पावर हाउस के पास पड़ी रेलवे की फालतू जमीन पर 4 से 6 नई वाशिंग लाइनें बनाकर इस स्टेशन का कायाकल्प किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने लंबे समय से अटके सरसा-ऐलनाबाद रेल लाइन प्रोजेक्ट के लिए बजट अलॉट करने की भी पुरजोर अपील की है।

About The Author