जिओ पेट्रोल पंप पर हुई लूट का खुलासा, अन्तर्राज्यीय डकैतों का गिरोह गिरफ्तार

पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पेट्रोल पंप से लूटी गई 67 हजार रुपये की नकदी, घटना में प्रयुक्त स्कोर्पियो कार व अवैध हथियार बरामद

Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Jio Petrol Pump Robbery Case: थानाभवन पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए अन्तर्राज्यीय डकैत गिरोह के पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए डकैतों ने विगत शुक्रवार की रात्रि ग्राम हिंड में स्थित जिओ पेट्रोल पंप पर लूटपाट की थी। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम की 67 हजार रुपये की राशि, अवैध हथियार व घटना में प्रयुक्त स्कोर्पियो कार बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपी हरियाणा व यूपी के कई पेट्रोल पंपों पर लूट की घटना को अंजाम दे चुके है। जेल भेज गए डकैतों का पूरा गिरोह हरियाणा का रहने वाला है। विगत 03 जुलाई की रात्रि थानाभवन क्षेत्र के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर ग्राम हिंड में स्थित जियो पेट्रोल पम्प पर स्कॉर्पियो कार से आए नकाबपोश बदमाशों ने ड्यूटी पर मौजूद सेल्समैन को अवैध शस्त्रों के बल पर आतंकित करते हुए वहां रखा हुआ कैश लॉकर लूट लिया था।

घटना को अंजाम देकर आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए थे। घटना के संबंध में पेट्रोल पम्प मैनेजर हेमन्त संगल ने थाना थानाभवन पर अभियोग पंजीकृत कराया था। एसपी शामली ने स्वाट, सर्विलांस एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन करते हुए घटना के सफल अनावरण एवं आरोपियों की यथाशीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया था। इसी क्रम में सोमवार रात्रि एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार डकैती, लूट, चोरी एवं झपट्टामारी की घटनाओं के अनावरण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट/सर्विलांस टीम एवं थाना थानाभवन पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए अन्तर्राजीय डकैत गिरोह के पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

जिन्होंने जियो पेट्रोल पम्प हिंड, जनपद मुजफ्फरनगर के थाना छपार क्षेत्र, जनपद मेरठ के सरधना क्षेत्र तथा हरियाणा के सोनीपत एवं पानीपत में पेट्रोल पम्पों पर डकैती की पांच घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पकड़े गए आरोपियों में साबिर उर्फ बाबा निवासी ग्राम गढ़ी झिझारा थाना गन्नौर जनपद सोनीपत, जसवीर पुत्र बिजेन्द्र निवासी सरगथल, थाना गोहाना जनपद सोनीपत हाल पता ग्राम गढ़ी केसरी थाना गन्नौर जनपद सोनीपत तथा अमन, मोहसिन व काला उर्फ शाहनवाज निवासीगण ग्राम नवादा थाना सनौली खुर्द जनपद पानीपत हरियाणा बताए। आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की 03 पिस्टल, 05 खोखा व 01 जिन्दा कारतूस, 315 बोर के 02 तमंचे,  02 जिन्दा व 02 खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार तथा लूटी गई रकम के 67 हजार रुपये बरामद हुए। सभी आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया।

शौक पूरा करने को देते थे लूट की घटना को अंजाम

पकड़े गए सभी आरोपी हरियाणा राज्य के निवासी है। आरोपियों ने एक संगठित अन्तर्राज्यीय गिरोह बना रखा है। गिरोह में शामिल जसवीर पूर्व में पेट्रोल पम्प पर कार्य करता था, जिससे उसे पेट्रोल पम्प की कार्य प्रणाली के सम्बन्ध में जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर यह लोग हरियाणा से किराए पर कार लेकर उत्तर-प्रदेश एवं हरियाणा के विभिन्न जनपदों में हाईवे पर स्थित पेट्रोल पम्पों की रेकी करते थे। आरोपी घटना को अंजाम देने से पहले वाहन की वास्तविक पहचान छिपाने के उद्देश्य से नम्बर प्लेट बदल देते थे। अथवा फर्जी नम्बर प्लेट का प्रयोग करते थे। इसके पश्चात, रात्रि के समय सुनसान पेट्रोल पम्पों पर कर्मचारियों को हथियारों के बल पर डरा-धमकाकर लूट करते थे। लूट में प्राप्त रुपयों को आपस में बाँटकर अपने शौक पूरे करते थे।

यूपी-हरियाणा के कई पेट्रोल पंपों को बनाया निशाना

आरोपियों ने इसी माह की शुरुआत में जिला सोनीपत के ग्राम लडसोली में कार लूटने का प्रयास किया था। इसके बाद,  02 जुलाई की रात्रि सोनीपत से एक स्विफ्ट कार किराये पर ली तथा ग्राम बबैल-राजखेड़ी मार्ग पर बने इण्डियन ऑयल के पेट्रोल पम्प पर लूटपाट की। इसके पश्चात, इन्होंने गन्नौर से 4,000 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार किराये पर ली तथा पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसकी नम्बर प्लेट बदलकर 03 जुलाई की रात्रि हिंड स्थित जियो के पेट्रोल पम्प पर सेल्समैन को बंधक बनाकर लूटपाट की। अगले दिन रात्रि में मेरठ के सरधना क्षेत्र में स्थित नायरा पेट्रोल पम्प पर लूट की घटना कारित की। इसके तुरंत बाद आरोपियों ने जनपद मुजफ्फरनगर में रूड़की रोड पर थाना छपार क्षेत्र में स्थित इण्डियन पेट्रोल पम्प पर डकैती की घटना को अंजाम दिया।

Kairana News

About The Author

Related Posts