जगनपुर में एचटी लाइन हटाने की मांग पर अड़े ग्रामीण, दूसरे दिन भी दिया धरना
समस्या के समाधान न होने पर ग्रामीणों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव जगनपुर से मन्नामाजरा ईदगाह के पास तक जाने वाली हाईवोल्टेज(एचटी) लाइन को हटाने की मांग पर ग्रामीण अड़ गए है। इसी को लेकर गांव जगनपुर में ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीण प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग कर रहे है। विद्युत विभाग के द्वारा गांव जगनपुर से मन्नामाजरा ईदगाह के पास बन रही कॉलोनी के लिए नई एचटी लाइन का निर्माण किया जा रहा है, जिसका ग्रामीण प्रबलता से विरोध कर रहे है। ग्रामीणों का कहना है कि यह एचटी लाइन आबादी एवं प्राथमिक विद्यालय के निकट से गुजर रही है।
इसके अलावा, इसे जगनपुर टाउन की विद्युत लाइन से जोड़कर आगे भेजा जा रहा है, जिससे लाइन लंबी हो जाएगी और फॉल्ट बढ़ने की संभावना में वृद्धि होगी। ग्रामीणों का यह भी तर्क है कि उक्त लाइन के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन भी खराब मौसम में परेशानी पैदा करेगी। इस विद्युत लाइन के नीचे से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग गुजरते हैं। पहले ही इस विद्युत लाइन में स्पार्किंग की घटनाएं होती रही हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की संभावना बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को ज्ञापन-पत्र देकर विद्युत लाइन को हटाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रशासन की उदासीनता से क्षुब्ध होकर वह धरना-प्रदर्शन को विवश हुए है। ऊंचागांव के डॉ. योगी गौतमनाथ ग्रामीणों के धरने का समर्थन कर रहे है। उनका कहना कि ग्रामीणों की मांग पूरी तरह उचित है। लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। आबादी के बीच से गुजर रही विद्युत लाइन को शीघ्र सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाना चाहिए। वहीं, ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक विद्युत लाइन को हटाने की प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक उनका धरना प्रदर्शन निरंतर जारी रहेगा। धरने में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उधर, एक्सईएन फोर्थ जयप्रकाश का कहना है कि विद्युत लाइन नियमानुसार सुरक्षित स्थान से ले जाई जा रही है। उपभोक्ता के द्वारा एस्टीमेट की राशि जमा की जा चुकी है। बिना वजह विद्युत लाइन के निर्माण का विरोध हो रहा है।
.jpg)