सहपत के जंगल में पड़ा मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, सनसनी
किसान के धान के खेत में पड़ा था पेंट-शर्ट पहने युवक का शव, मृतक के चेहरे व शरीर के अन्य हिस्सों को खा चुके कीड़े
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव सहपत के जंगल में स्थित धान के खेत में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस बरामद शव की शिनाख्त कराने में जुटी है। गांव सहपत निवासी ऋषिपाल का खेत यमुना के खादर क्षेत्र में स्थित है। शुक्रवार को ऋषिपाल के धान के खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया। शव मिलने की जानकारी पर आसपास के ग्रामीण व किसान मौके पर पहुंच गए।
मामले की सूचना मिलने पर तीतरवाड़ा पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पवन चौधरी भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से बरामद शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किये, लेकिन सफल नही हो सके। शव मिलने की सूचना उच्चाधिकारियों को भी दी गई। बाद में फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। जांच-पड़ताल के पश्चात पुलिस ने मृतक के शव को पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की आयु 35-40 वर्ष के करीब होने के अनुमान है। मृतक के शरीर पर पेंट-शर्ट है।
बॉडी के ज्यादातर हिस्से को कीड़ों ने खा लिया है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि धान के खेत से एक शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया शव करीब एक सप्ताह पुराना प्रतीत हो रहा है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृत्यु के कारणों का पता लगाया जाएगा। साथ ही, मृतक की पहचान कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

About The Author