व्यापार मंडल अध्यक्ष व ‘आप’ नेता के कार्यालय पर अंधाधुंध फायरिंग
पटियाला में दहशत का माहौल, जाँच में जुटी पुलिस
पटियाला/राजपुरा (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Rajpura News: पटियाला के राजपुरा में शुक्रवार को उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब राजपुरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष व आम आदमी पार्टी (आप) के नेता रमेश आहूजा के कार्यालय पर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियाँ चला दीं। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दिनदिहाड़े हुई फायरिंग से पूरे शहर में भय का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अंडरब्रिज रोड के निकट राजपुरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष और आम आदमी पार्टी के नेता रमेश आहूजा का कार्यालय स्थित है।
बताया जा रहा है कि जिस समय फायरिंग की घटना हुई, उस समय रमेश आहूजा कार्यालय में मौजूद नहीं थे। कार्यालय में मौजूद एक युवती ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। कार्यालय के बाहर लगे शीशों पर गोलियों के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और जाँच शुरू कर दी। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि सुबह दो व्यक्ति कार्यालय की रेकी कर रहे थे। फायरिंग के समय एक व्यक्ति कुछ दूरी पर दोपहिया वाहन लेकर खड़ा था, जबकि दूसरा व्यक्ति कार्यालय के भीतर पहँुचा और लगभग आधा दर्जन गोलियाँ चलार्इं।
संपर्क करने पर रमेश आहूजा ने बताया कि उन्हें कभी किसी प्रकार की धमकी भरी कॉल नहीं मिली। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इस हमले को किस उद्देश्य और किस मंशा से अंजाम दिया गया।