पाकिस्तानी तस्करों से जुड़े दो युवकों के कब्जे से 6 किलो 76 ग्राम हेरोइन बरामद
आरोपियों के आगे-पीछे के नेटवर्क की भी जांच जारी
फिरोजपुर (सच कहूँ/जगदीप सिंह)। Firozpur News; एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) फिरोजपुर रेंज द्वारा नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसपी प्रिथीपाल सिंह के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर हरदेव सिंह और उनकी टीम ने एक विशेष अभियान के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 किलो 76 ग्राम हेरोइन बरामद की है। प्रारंभिक जाँच में सामने आया है कि आरोपी यह हेरोइन किसी अन्य तस्कर से लेकर आगे सप्लाई करने वाले थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एएनटीएफ थाना, मोहाली में मामला दर्ज कर गहन जाँच शुरू कर दी है।
जानकारी देते हुए एएनटीएफ के डीएसपी प्रिथीपाल सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुरुहरसहाय के निकट ढाबा जीवां अराई के पास कार्रवाई करते हुए बुलेट मोटरसाइकिल सहित बलराज सिंह उर्फ बाज, पुत्र दर्शन सिंह निवासी मस्ते के, तथा सुखविन्द्र सिंह उर्फ सुक्खा, पुत्र सुरजीत सिंह निवासी मस्ते के को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से 6 किलो 76 ग्राम हेरोइन बरामद की। डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जाँच में पता चला है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान के ‘गुज्जर’ नामक तस्कर के संपर्क में थे। उन्हें एक वाहन चालक ढाबे पर यह खेप देकर गया था, जिसे वे आगे सप्लाई करने वाले थे। इस काम के बदले उन्हें कितनी रकम मिलने वाली थी, इसकी भी जाँच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि बलराज सिंह के पाकिस्तान स्थित तस्कर से पहले से संपर्क थे और वह पहले भी नशीले पदार्थों की सप्लाई कर चुका था, लेकिन अब तक पुलिस गिरफ्त से बचता रहा। उसके खिलाफ पहले कोई मामला दर्ज नहीं था। वहीं उसके साथी सुखविन्द्र सिंह के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कुछ समय पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर उनके पूरे नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और आगे-पीछे के संपर्कों का पता लगाने में जुटी हुई है।