हेलीमंडी में पैसे के लेन-देन को लेकर मजदूर से मारपीट
ट्रैक्टर से नीचे गिराकर मजदूर से मारपीट
गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: हेलीमंडी के जाटोली वार्ड एक में पैसे के पुराने लेन-देन की रंजिश में एक मजदूर से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित के घुटने में फ्रेक्चर आया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि हेलीमंडी पुलिस चौकी ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता सुरेश कुमार निवासी वार्ड एक जाटोली हेलीमंडी ने पुलिस को बताया कि वह ईंट के ट्रैक्टर में लोडिंग-अनलोडिंग का काम करता है। 21 जून की सुबह करीब 07:30 बजे वह अनाज मंडी पटौदी के पास सत्यवान उर्फ भैरु के ईंटों के ट्रैक्टर पर बैठा था। तभी गांव खोड़ निवासी नितेश कुमार उर्फ रिक्की वहां आया। सुरेश के अनुसार, नितेश से उसका पहले से पैसे का लेन-देन था।
इसी रंजिश में नितेश ने आते ही उसे ट्रैक्टर से पकडकर नीचे गिरा दिया। मारपीट में सुरेश के दाहिने पैर के घुटने में चोट लगी। परिजन उसे पहले सीएचसी पटौदी ले गए, जहां से सेक्टर-10 गुरुग्राम सिविल अस्पताल रेफर किया गया। मामले की जांच हेड कांस्टेबल अभय सिंह ने शुक्रवार को बताया कि डॉक्टर ने जांच में चार चोटें दर्ज की थीं। 22 जून को पुलिस वेदांता अस्पताल पहुंची, लेकिन डॉक्टर ने मरीज को बयान के लिए अनफिट बताया। अस्पताल की रिपोर्ट में घुटने में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। 24 जून को सुरेश ने हेलीमंडी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने ई-साक्ष्य ऐप से वीडियोग्राफी कर बयान दर्ज किया और केस दर्ज किया गया।
