गांव जहानपुरा में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को नशे से दूर रखने पर दिया जोर
युवाओं को नशे से बचाने के लिए गांव में जागरूकता अभियान, लोगों ने लिया संकल्प
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव जहानपुरा में जुमे की नमाज के बाद नशा मुक्त समाज बनाने और युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाने के उद्देश्य से गांव की चौपाल पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें गांव के बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस मौके पर जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती आलम ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रही है, जिसे समय रहते रोकना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर बना रहा है, जिसका बुरा असर पूरे परिवार पर पड़ता है।
उन्होंने अभिभावकों और समाज के जिम्मेदार लोगों से अपील की कि वे बच्चों की अच्छी परवरिश करें और उन्हें नशे जैसी बुराई से बचाने के लिए मिलकर प्रयास करें। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने भी कहा कि गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता सबसे जरूरी है। युवाओं को शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर ही नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सकती है। सभी ने मिलकर गांव को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान अब्बास अमीर, कारी शहज़ाद, चांद मस्जिद, शाहनज़र, परवेज, वेसर, सज्जान, मुसारिक, रिजवान, मेहरबान, मास्टर अनीस, जुलहक, सारिक पहलवान, अमजद अली, डॉ. राशिद, रविंद्र चौहान सहित गांव के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
3.jpg)