टेक्सटाइल रिसर्च को उद्योग और किसानों तक पहुंचाना समय की जरूरत: गिरिराज सिंह

भारत जल्द दुनिया को चार महीने के बजाय  आठ महीने पहनने वाला  कपड़ उपलब्ध कराएगा :सिंह

Published On

गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह )।  राजधानी दिल्ली से सटे हॉट सिटी में शुमार शहर गाजियाबाद में वस्त्र अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में देश के अग्रणी संस्थान निटरा  ने सोमवार को अपना 52 वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। समारोह में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा, वस्त्र मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां तथा वैज्ञानिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान निटरा की पांच दशक से अधिक की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए भविष्य में तकनीकी वस्त्र, सतत अनुसंधान और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में इसकी भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। निटरा के डिप्टी चेयरमैन संदीप होरा और महानिदेशक डॉ. एम.एस. परमार ने अतिथियों का स्वागत किया। संदीप होरा ने संस्थान की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि उद्योग जगत और भारत सरकार की दूरदर्शी सोच से स्थापित निटरा आज देश के वस्त्र उद्योग के लिए अनुसंधान, परीक्षण और तकनीकी परामर्श का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

ga

टेक्सटाइल अनुसंधान को उद्योग तक पहुंचाने पर जोर

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि निटरा ने अपने कार्यों से देश में टेक्सटाइल अनुसंधान को नई दिशा दी है। उन्होंने वैज्ञानिकों से आह्वान किया कि प्रयोगशालाओं में विकसित तकनीकों और अनुसंधान को उद्योगों, किसानों और आम उपयोगकर्ताओं तक पहुंचाया जाए, ताकि उसका वास्तविक लाभ देश को मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में निटरा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने निटरा को मिल्कवीड फाइबर के लिए ओईको -टैक्स ® स्टैंडर्ड 100 सर्टिफिकेशन प्राप्त करने वाला दुनिया का पहला संस्थान बनने पर बधाई देते हुए इसे देश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि निटरा केवल वस्त्र उद्योग तक सीमित नहीं है, बल्कि सैनिकों, किसानों और श्रमिकों के लिए उपयोगी तकनीकों के विकास में भी उल्लेखनीय योगदान दे रहा है।

सतत फाइबर और तकनीकी वस्त्रों में नई उपलब्धियां:डॉ. एम.एस. परमार

महानिदेशक डॉ. एम.एस. परमार ने संस्थान की उपलब्धियों पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए बताया कि वस्त्र मंत्रालय ने निटरा को हाल ही में 'न्यू एज फाइबर्स सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' के रूप में नामित किया है। इसके तहत मिल्कवीड, फ्लैक्स और हेम्प जैसे पर्यावरण-अनुकूल फाइबर पर अनुसंधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान ने तकनीकी वस्त्र, सुरक्षात्मक परिधान, पर्यावरण परीक्षण और फायर सेफ्टी परीक्षण के क्षेत्र में विश्वस्तरीय प्रयोगशालाएं विकसित की हैं, जिनका लाभ देश-विदेश के उद्योगों और सरकारी संस्थानों को मिल रहा है।

राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन को मिला बल:पबित्र मार्घेरिटा

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने निटरा की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी तकनीक के विकास में संस्थान की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यहां किए जा रहे अनुसंधान देश के टेक्सटाइल उद्योग को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में नई पहचान दिला रहे हैं। समारोह के अंत में उपनिदेशक विवेक अग्रवाल ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निटरा की अनुसंधान एवं परीक्षण सेवाओं से पूरा वस्त्र उद्योग लाभान्वित हो रहा है और संस्थान भविष्य में भी नवाचार तथा कौशल विकास के माध्यम से उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करता रहेगा।

मीडिया से बातचीत में विपक्ष पर साधा निशाना

स्थापना दिवस समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उत्तर प्रदेश की राजनीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का दम नहीं है और भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर दी है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं बिहार में चर्चित एनकाउंटर मामले पर उन्होंने कहा कि जांच चल रही है और "दूध का दूध, पानी का पानी" हो जाएगा तथा न्याय अवश्य मिलेगा।

About The Author

Related Posts