Dowry: दहेज में बाइक और एक लाख रुपए की मांग का आरोप
महिला थाने में पति सहित तीन के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़। दहेज में मोटर साइकिल और एक लाख रुपए की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने, मारपीट कर घर से निकालने तथा स्त्रीधन लौटाने से इनकार करने के आरोप में महिला थाना पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पिंकी भाट (24) पुत्री ओमप्रकाश निवासी वार्ड नंबर 9, हरीपुरा ने अपने पिता ओमप्रकाश (46) पुत्र बच्चनाराम भाट के साथ महिला थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी शादी 9 मई 2021 को संदीप कुमार पुत्र गौरीशंकर भाट निवासी गांव भगवान तहसील नोहर के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।
शादी में उसके पिता ने अपने सामर्थ्य के अनुसार सोने-चांदी के जेवर, नकद राशि, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य घरेलू वस्तुएं दहेज स्वरूप दी थीं, लेकिन पति संदीप, सास गोमती और ससुर गौरीशंकर इससे संतुष्ट नहीं थे। शादी के बाद से ही वे दहेज में एक मोटर साइकिल और एक लाख रुपए की मांग को लेकर उसे ताने देने, मारपीट करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। विवाहिता को एक पुत्री नायरा के जन्म के बाद भी प्रताड़ित किया गया।
आरोप है कि ससुराल पक्ष पुत्री के जन्म से नाराज था और उसे ताने देकर परेशान करता था। महिला ने अपने पति पर नशे का आदी होने, आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने तथा अन्य महिलाओं से संबंध रखने के भी आरोप लगाए हैं। परिवादिया के अनुसार कई बार पंचायतें होने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। 24 अप्रैल को कथित रूप से दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति और ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट की तथा उसे उसकी नाबालिग पुत्री सहित घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने पीहर आकर रहने लगी।
महिला ने बताया कि 15 जून को दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई, जिसमें मौजूद लोगों ने समझौते का प्रयास किया, लेकिन ससुराल पक्ष ने कथित रूप से दहेज की मांग दोहराते हुए विवाहिता को साथ रखने से इनकार कर दिया। वहीं स्त्रीधन लौटाने से भी मना कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट और प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पति संदीप कुमार, सास गोमती और ससुर गौरीशंकर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक संतोष को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।