विवाहिता को बहला-फुसलाकर साथ रखने और जेवर-नकदी हड़पने का आरोप

पत्नी और एक युवक पर लगाए आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

Published On

हनुमानगढ़। गांव नेठराना निवासी एक व्यक्ति की ओर से पत्नी और एक अन्य युवक पर विवाहिता को बहला-फुसलाकर अपने साथ रखने, जेवरात एवं नकदी हड़पने तथा दूसरी शादी करने के आरोप लगाते हुए दायर परिवाद पर अदालत के आदेश के बाद गोगामेड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पालाराम (34) पुत्र महावीर मीणा निवासी नेठराना तहसील भादरा की ओर से अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, भादरा न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय के आदेश पर गोगामेड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि उसकी शादी वर्ष 2006 में पूजा पुत्री भंवरलाल मीणा निवासी भादरा हाल सेनपाल तहसील रानिया जिला सिरसा, हरियाणा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह के बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे थे।

परिवादी का आरोप है कि करीब तीन वर्ष पूर्व उसकी पत्नी का संपर्क अधीर प्रकाश पुत्र ताराचंद मीणा निवासी सेनपाल तहसील रानिया जिला सिरसा, हरियाणा से हुआ। परिवाद के अनुसार अधीर प्रकाश और पूजा ने कथित रूप से आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए घर में रखे सोने के कानों के बाले, करीब एक तोला वजनी सोने का लॉकेट, एलईडी टीवी तथा 20 हजार रुपए नकद अपने कब्जे में कर लिए। आरोप है कि पूजा उक्त सामान लेकर बिना बताए घर छोड़कर चली गई।

परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार पंचायत और समझाइश के प्रयासों के बावजूद उसकी पत्नी वापस नहीं लौटी। बाद में जानकारी मिली कि वह अधीर प्रकाश के साथ रह रही है। परिवादी का कहना है कि बिना वैधानिक तलाक लिए उसकी पत्नी ने दूसरी शादी कर ली है। न्यायालय से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर गोगामेड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच एएसआई इन्द्राज सिंह कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए आरोप परिवादी पक्ष के हैं और जांच के बाद ही तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

About The Author

Related Posts