पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, कुल्हाड़ी से हमला कर हाथ तोड़ने का आरोप
परिवार के लोगों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया
हनुमानगढ़। टिब्बी थाना क्षेत्र के गांव पीरकामड़िया में एक व्यक्ति पर अपने साले पर कुल्हाड़ी से हमला कर चोटें पहुंचाने का आरोप लगा है। टिब्बी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार, वार्ड नम्बर 5, पीरकामड़िया निवासी जसविन्द्र सिंह (29) पुत्र सुरजीत सिंह रायसिख ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 13 जून की रात करीब 9 से 9.30 बजे उसके चाचा बलवीर सिंह पुत्र बाज सिंह ने अपने साले रेशम सिंह पुत्र बच्चन सिंह निवासी सूरेवाला के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि बलवीर सिंह ने लोहे की कुल्हाड़ी से रेशम सिंह के दोनों हाथों पर वार किए, जिससे उसका दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया तथा बाएं हाथ पर भी गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।
घटना के दौरान परिवार के लोगों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और घायल को छुड़वाया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपी ने उसे और उसके परिवार को धमकाते हुए कहा कि जिस तरह रेशम सिंह का हाल किया है, वैसा ही उनका भी करेगा।
साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। गंभीर रूप से घायल रेशम सिंह को पहले राजकीय चिकित्सालय टिब्बी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सूरेवाला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील कुमार को सौंपी गई है। Hanumangarh News