Road Accident: हनुमानगढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसे, चार युवक घायल; एक बीकानेर तो दूसरा जयपुर रेफर

पीलीबंगा थाना क्षेत्र के गांव निहालपुरा के पास हुआ हादसा, ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज

Published On

ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल, एक बीकानेर रेफर 

हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना क्षेत्र के निहालपुरा गांव के निकट ट्रैक्टर की टक्कर से मोटर साइकिल सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे हनुमानगढ़ से बीकानेर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मामले में पीलीबंगा थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार राजेन्द्र कुमार (33) पुत्र अंग्रेज राम ओड निवासी चक 12 एसटीबी तहसील पीलीबंगा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बुआ का बेटा रणवीर पुत्र हरीकृष्ण ओड तथा काला सिंह पुत्र पालाराम दोनों निवासी चक 12 एसटीबी, 21 जून की रात करीब 8.30 बजे मंडी पीलीबंगा से मोटर साइकिल पर अपने घर लौट रहे थे। जब दोनों युवक निहालपुरा गांव से आगे चक 29 एसटीजी की ओर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर के चालक गुरतेज निवासी निहालपुरा ने कथित रूप से ट्रैक्टर को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए मोटर साइकिल को सामने से टक्कर मार दी।

हादसे में रणवीर और काला सिंह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद रणवीर ने मोबाइल फोन के जरिए परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर राजेन्द्र कुमार और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे तथा दोनों घायलों को उपचार के लिए पीलीबंगा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद काला सिंह को छुट्टी दे दी गई, जबकि रणवीर की हालत गंभीर होने के कारण उसे पहले हनुमानगढ़ और बाद में बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। वर्तमान में उसका इलाज पीबीएम अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच एएसआई मदनलाल को सौंपी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल

हनुमानगढ़। तेज गति और लापरवाही से चलाई जा रही एक पिकअप की टक्कर से मोटर साइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में घायल युवक के चाचा की रिपोर्ट पर खुइयां थाना पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गांव बाच्छुसर निवासी शंकरलाल (38) पुत्र भादरराम जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भतीजा पवनदीप (20) पुत्र दलीप कुमार जाट निवासी बाच्छुसर 17 जून को दोपहर करीब 1.15 बजे मांगीलाल की मोटर साइकिल लेकर उसे रोटी देने के लिए ढाणी भाम्भूआन जा रहा था। उसके साथ विकास पुत्र जगदीश गिर गोस्वामी भी मोटर साइकिल पर सवार था। जब दोनों युवक खुइयां फांटा स्थित नए पुलिस थाने के पास पहुंचे तो सामने से आ रही सफेद रंग की पिकअप संख्या आरजे 10 जीसी 3554 के चालक ने तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटर साइकिल को टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में पवनदीप के हाथ, पैर, घुटने तथा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि विकास भी घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायलों को पहले मंदरपुरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को नोहर रेफर कर दिया गया। नोहर से विकास को हनुमानगढ़ और पवनदीप को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल भेजा गया। वहां से भी हालत गंभीर होने पर पवनदीप को जयपुर रेफर किया गया, जहां चोमू स्थित बराला अस्पताल में उसके पैर का ऑपरेशन किया गया। खुईयां पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार को सौंपी है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

About The Author

Related Posts