गो-संरक्षण के समर्थन में मीरापुर पहुंचे शंकराचार्य, गोमाता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की उठाई मांग
गो-संरक्षण के समर्थन में मीरापुर पहुंचे शंकराचार्य, गोमाता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की उठाई मांग
मीरापुर।(सच कहूं/कोमल कुमार)ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गविष्टि (गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध) यात्रा के मीरापुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उनका भव्य स्वागत किया। यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर गो-संरक्षण के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया तथा समाज में जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था का अभिन्न अंग है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकारों से गोमाता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने तथा देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में केंद्र और कई राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हैं, ऐसे में गोमाता को राष्ट्र माता घोषित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। उनका कहना था कि केवल घोषणाओं और बयानों से गोवंश की रक्षा संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रभावी कानून एवं मजबूत नीतिगत निर्णय आवश्यक हैं।
शंकराचार्य ने कहा कि गो-संरक्षण केवल धार्मिक विषय नहीं है, बल्कि इसका सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व भी है। उन्होंने बताया कि उनकी गविष्टि गो-रक्षा धर्मयुद्ध यात्रा उत्तर प्रदेश की लगभग 250 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजर चुकी है और उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। यात्रा का उद्देश्य समाज में गो-संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा व्यापक जनसमर्थन जुटाना है।
उन्होंने बताया कि गो-संरक्षण के प्रयासों को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक गो-भक्त प्रतिनिधि नियुक्त किए जा रहे है मीरापुर विधानसभा में गौरव सैनी को इस कार्य के लिए नियुक्त किया गया। साथ ही प्रत्येक विधानसभा में जनसहयोग से एक बड़े गो-संरक्षण केंद्र (गौ धाम) के निर्माण की योजना बनाई जा रही है, जिसके लिए घर-घर से सहयोग राशि एकत्र की जाएगी।
अपने संबोधन में शंकराचार्य ने कहा कि गोमाता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को विभिन्न समुदायों के लोगों का भी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने मुस्लिम, ईसाई एवं अन्य समुदायों के लोगों द्वारा मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि गो-संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि यात्रा का समापन 23 जुलाई को होगा, जिसके उपरांत लखनऊ के काशीराम मैदान में एक महत्वपूर्ण घोषणा की जाएगी।
इस अवसर पर मोनू पवार, आकाश गुर्जर, प्रमोद तंवर, मंगल सिंह गुर्जर, सतपाल यादव, रविंद्र, सुदेश पाल, वीरेंद्र नागर, नरेश मास्टर, मोहित, अर्जुन सिंह, प्रशांत खेपड़, रघुवर प्रधान एवं जयवीर प्रधान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।