गांव फूलकां में खुशी का माहौल, रितिक ने रच दिया इतिहास

बने फ्लाइंग ऑफिसर, गांव का पहला युवक बना वायु सेना में ऑफिसर बन रच दिया इतिहास

Published On

Flying Officer in Indian Air Force: सरसा (सुनील कुमार)। सरसा के गांव फूलकां की मिट्टी ने एक और हीरा तराशा है। गांव के होनहार लाल रितिक बैनिवाल ने भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर पद पर कमीशन प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एक साल की कड़ी ट्रेनिंग के बाद भारतीय वायु सेना अकादमी से पास आउट होकर रितिक अब आसमान की ऊंचाइयों में देश की सेवा करेंगे। गौरतलब है कि वह गांव फूलकां के पहले ऐसे युवक हैं, जिन्होंने यह प्रतिष्ठित मुकाम हासिल किया है, जो क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत बनेंगे।

मेहनत और एकाग्रता  ने दिलाई सफलता

बेटे की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर पिता पूर्ण चंद बैनिवाल ने खुशी साझा करते हुए बताया कि रितिक पढ़ाई के शुरूआती दौर से ही काफी मेहनती और अनुशासित था। अपनी बी. कॉम की पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने एकाग्रता के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रयास जारी रखे। उसने कम्बाइंड डिफेंस सर्विसेज एग्जाम के माध्यम से वायु सेना के लिए चयन प्रक्रिया में अखिल भारतीय स्तर पर पांचवीं रैंक हासिल की थी। उसका चयन होना पूरे परिवार के लिए गर्व की बात रही। रितिक की लगातार मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण ने ही उसे सफलता की इस ऊंचाई तक पहुंचाया है।

गौरवान्वित महसूस कर रहा फूलकां गांव 

रितिक की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरा फूलकां गांव खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। रितिक के दादा गोपाल बैनिवाल की खुशी का तो कोई ठिकाना नहीं है और वह खुशी में फूले नहीं समा रहे। वहीं, गांव के सरपंच कैलाश राठी ने रितिक बैनिवाल और उनके परिवार को इस बड़ी सफलता पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने रितिक को युवाओं के लिए एक आदर्श बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत और सफलता गांव के अन्य बच्चों को भी उच्च लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

 

About The Author

Related Posts