डबल इंजन सरकार की नीतियों से हो रहा गाजियाबाद में तेजी से सुविधाओं का विस्तार: सुनीता दयाल
महापौर और विधायकों ने किया 22.92 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास, सड़कों-नालों व इंटरलॉकिंग से बदलेगी शहर की तस्वीर
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: देश की राजधानी दिल्ली से सटे हॉट सिटी में शुमार शहर गाजियाबाद के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए महापौर सुनीता दयाल ने विधायक अजीत पाल त्यागी और विधायक संजीव शर्मा के साथ करीब 22 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़कों का निर्माण एवं सुधार, नालों और नालियों का निर्माण तथा सड़क किनारे इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने जैसे कार्य शामिल हैं। महापौर ने बताया कि कुल स्वीकृत कार्यों में लगभग 12 करोड़ रुपये से सड़क एवं साइट पटरी पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, 6 करोड़ 92 लाख रुपये से सड़कों का निर्माण एवं सुधार तथा 4 करोड़ रुपये से ड्रेनेज (नाला) निर्माण कराया जाएगा।
इनमें 15 करोड़ 39 लाख रुपये के ट्रांस हिंडन क्षेत्र तथा 7 करोड़ 53 लाख रुपये के सिस हिंडन क्षेत्र के विकास कार्य शामिल हैं। शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर निगम लगातार विकास कार्य कर रहा है और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकताओं के आधार पर योजनाओं को अमल में लाया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के चलते शहर में तेजी से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, जिसका लाभ लाखों नागरिकों को मिलेगा।
निगम औरजनप्रतिनिधियों के समन्वय से हो रहे विकास कार्य: अजीतपाल त्यागी
मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही ऐसा कोई क्षेत्र नहीं बचेगा जहां विकास की रोशनी न पहुंची हो। वहीं शहर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप त्वरित विकास कार्य कराने के लिए प्रतिबद्ध है और विजय नगर सहित पूरे शहर की सूरत बदलने का कार्य लगातार जारी है।
शिलान्यास किए गए प्रमुख कार्यों में वसुंधरा, विजय नगर, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, रघुनाथपुरी, संजय नगर, शंकर विहार, जागृति विहार, रामप्रस्थ, मोहन नगर तथा शालीमार गार्डन क्षेत्रों में सड़क, नाला और इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें कई प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़े नालों का निर्माण भी कराया जाएगा।
ये गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में पार्षद सतेन्द्र चौधरी, रवि भाटी, राहुल शर्मा, संजय रावत, कविता भाटी, श्रीभगवान अग्रवाल, पवन गौतम, अजय शर्मा, मंजू, ओमवती देवी, नरेश जाटव समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
