पंचतत्वों में विलीन हुए हवलदार अनिल कुमार बैरागी, शोक

पंचतत्वों में विलीन हुए हवलदार अनिल कुमार बैरागी, शोक

Published On

कैराना(संदीप इन्सां)। असम राइफल्स की 33वीं वाहिनी में तैनात दिवंगत हवलदार अनिल बैरागी को सैनिक सम्मान के साथ में अंतिम विदाई दी गई। विगत शनिवार को मणिपुर में शारीरिक प्रशिक्षण(पीटी) के दौरान हार्ट फेल होने से उनका निधन हो गया था। अनिल बैरागी की अंतिम यात्रा में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व सैनिकों समेत सैंकड़ों लोगो ने भाग लिया।

मूल रूप से गांव बंतीखेड़ा तथा शामली शहर की काकानगर कॉलोनी निवासी हवलदार अनिल कुमार बैरागी वर्ष-2003 में सेना में भर्ती हुए थे। परिजनों के अनुसार, वह ढाई माह पूर्व घर पर दस दिन की छुट्टी बिताकर वापिस ड्यूटी पर लौटे थे। उन्होंने आगामी 20 जुलाई को दोबारा घर आने की बात भी परिवार से कही थी, लेकिन उससे पहले ही उनके निधन की दुखद सूचना पहुंच गई। मणिपुर से हवाई मार्ग के जरिए उनका पार्थिव शरीर दिल्ली लाया गया। इसके पश्चात, रविवार देर शाम सेना के अधिकारी दिवंगत हवलदार के शव को लेकर सड़क मार्ग से होते हुए शामली में काका नगर स्थित उनके आवास पर पहुंचे।

यहां पर उन्हें सेना के अधिकारियों व जवानों के द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बाद में मेरठ-करनाल रोड के नहर पटरी पर अपना घर आश्रम के पीछे स्थित श्मशान घाट में हवलदार अनिल बैरागी के शव का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अनिल कुमार चार भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई प्रमोद कुमार भारतीय सेना में सूबेदार मेजर पद से सेवानिवृत्त हैं। दूसरे भाई विनोद कुमार वर्तमान में भारतीय सेना में हवलदार पद पर दिल्ली में तैनात हैं। अनिल कुमार का पूरा सेवाकाल देश के विभिन्न हिस्सों में बीता और उन्होंने सात अलग-अलग राज्यों में अपनी सेवाएं दीं। अपने पीछे वह पत्नी रीना देवी, 18 वर्षीय पुत्री खुशी और 15 वर्षीय पुत्र हर्ष को छोड़कर गए हैं। उनके आकस्मिक निधन से परिवार व रिश्तेदारों में शोक व्यापत है। अंतिम संस्कार के दौरान पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। दिवंगत हवलदार की अंतिम यात्रा में भाजपा नेता तेजेन्द्र निर्वाल, अखिल भारतीय बैरागी महासभा के युवा प्रदेशाध्यक्ष अजय स्वामी, सुभाष बैरागी बड़ौत, महीपाल बैरागी तीतरवाड़ा, ओमपाल स्वामी समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी शामिल हुए। सभी ने दिवंगत सैनिक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी देशसेवा को नमन किया।

About The Author

Related Posts