मुझेड़ा टोल प्लाजा पर भाकियू का धरना, कर्मचारियों पर अभद्रता का आरोप

मुझेड़ा टोल प्लाजा पर भाकियू का धरना, कर्मचारियों पर अभद्रता का आरोप

Published On

मीरापुर।(सच कहूं/कोमल प्रजापत) क्षेत्र स्थित मुझेड़ा टोल प्लाजा पर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन करते हुए टोल कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाकियू नेताओं ने टोल कर्मचारियों पर संगठन के पदाधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। कई घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान टोल संचालन प्रभावित रहा और बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता मौके पर एकत्र रहे।

भाकियू के जानसठ ब्लॉक अध्यक्ष योगेश बलियान ने बताया कि संगठन के जिला महासचिव मोहम्मद रफी हरिद्वार में आयोजित होने वाले चिंतन शिविर की तैयारियों के सिलसिले में मीरापुर आए थे। आरोप है कि जब वे मुझेड़ा टोल प्लाजा पहुंचे और टोल कर्मचारियों को भारतीय किसान यूनियन का पहचान पत्र दिखाया, तो कर्मचारियों ने पहचान पत्र को फर्जी बताते हुए उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उनके साथ मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं के साथ भी कथित रूप से गलत व्यवहार किया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर संगठन के कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। मामले से राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को अवगत कराया गया। इसके बाद योगेश बलियान के नेतृत्व में सतीश रॉयल, अमर सिंह, राजिंदर बलियान, अनुज, ओमप्रकाश शर्मा, धर्मबीर राठी, नरेंद्र मलिक, सुभाष धीमान, लाखन सिंह, आकाश बलियान, अश्विनी काकरान, सोनू चौधरी और कृष्णवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मुझेड़ा टोल प्लाजा पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने टोल को निशुल्क कराते हुए टोल प्लाजा के बीच धरना शुरू कर दिया।

धरना-प्रदर्शन की सूचना पर मीरापुर और रामराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भाकियू कार्यकर्ता संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग पर अड़े रहे।

भाकियू नेताओं का आरोप है कि टोल कर्मचारी लंबे समय से क्षेत्रवासियों का शोषण कर रहे हैं तथा स्थानीय लोगों से भी अनुचित रूप से टोल वसूला जा रहा है। ब्लॉक अध्यक्ष योगेश बलियान ने चेतावनी दी कि यदि टोल प्रशासन ने अपने रवैये में सुधार नहीं किया तो संगठन जल्द ही बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगा।

भाकियू नेता खालिद चौधरी ने बताया कि टोल कर्मचारियों द्वारा माफी मांगने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। साथ ही टोल प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि अभद्रता करने वाले कर्मचारी के खिलाफ तीन दिन के भीतर कार्रवाई नहीं की गई, तो 18 जून के बाद मुझेड़ा टोल प्लाजा पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

About The Author

Related Posts