शिक्षा और रोजगार
6 गुना रिटर्न का लालच पड़ा भारी, क्रिप्टो करेंसी में 6.90 करोड़ की ठगी का आरोपी गिरफ्तार
शहर के प्रेम नगर निवासी नरेंद्र कुमार की शिकायत पर 29 मार्च को मामला दर्ज किया गया था
Fraud Alert: अंबाला ((सच कहूँ/संदीप सांतरे))। अंबाला साइबर थाना पुलिस ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर करीब 6.90 करोड़ रुपये की कथित ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से भिवानी का निवासी है और वर्तमान में हिसार के आजाद नगर में रह रहा था। Ambala News
पुलिस के अनुसार, अंबाला शहर के प्रेम नगर निवासी नरेंद्र कुमार की शिकायत पर 29 मार्च को मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी और उसके साथियों ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने पर छह गुना रिटर्न तथा दो प्रतिशत मासिक ब्याज का भरोसा दिया था। इस लालच में आकर उसने अपनी जमा पूंजी के साथ-साथ रिश्तेदारों से उधार ली गई राशि और घरेलू आभूषण बेचकर कुल 6 करोड़ 90 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए।
पीड़ित का आरोप है कि बाद में जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं। मामले की जांच के लिए थाना प्रबंधक उप निरीक्षक संदीप कुमार के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक जयदेव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिसार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ गुरुग्राम और भिवानी में भी इसी प्रकार के धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। अधिकारियों को संदेह है कि इस नेटवर्क के तार अन्य राज्यों तक भी जुड़े हो सकते हैं। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य आरोपियों की पहचान और ठगी गई राशि की बरामदगी के प्रयास कर रही है। Ambala News