Haryana Weather: हरियाणा में आंधी-तूफान और बारिश से इन जिलों में हुआ भारी नुकसान, ऑरेंज अलर्ट जारी

हरियाणा में अगले 24 घंटे भारी, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Haryana Weather: हरियाणा में गुरुवार देर रात के बाद मौसम ने अचानक करवट बदली। प्रदेश के कई जिलों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन प्रभावित हुआ और कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से यातायात बाधित हुआ। फतेहाबाद में सड़कों पर पेड़ गिरने से कई मार्गों में जाम लग गया, जबकि टोहाना में करीब 10 फुट ऊंची दीवार एक कार पर गिर गई। कुरुक्षेत्र में मकान की छत गिरने से एक व्यक्ति मलबे में दब गया। सिरसा, सोनीपत, पानीपत, अंबाला और यमुनानगर में भी तेज बारिश रिकॉर्ड की गयी।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के सभी 22 जिलों के लिए आंधी और बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, बिजली कड़कने और ओलावृष्टि होने का अनुमान जताया है। विभाग ने मौसम में 13 जून से आंशिक सुधार होने के आसार जताये हैं, जबकि 15 जून के बाद मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है।

राज्य के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत, सिरसा और फतेहाबाद में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रोहतक, हिसार और भिवानी में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने का अनुमान जताया है।

Haryana Weather

About The Author

Related Posts