लोगों में 'शोले का वीरू' बनने की होड़, झारखंड में टावर पर चढ़ने का खतरनाक ट्रेंड

स्थानीय प्रशासन और पुलिस के छूटे पसीने, प्रशासन परेशान

Published On

Youth Climbs Mobile Tower: रांची। झारखंड में इन दिनों अपनी मांगों को मनवाने या नाराजगी जताने के लिए मोबाइल और हाई-टेंशन बिजली टावरों पर चढ़ने का एक अजीबोगरीब और खतरनाक ट्रेंड चल पड़ा है। पिछले एक महीने के भीतर राज्य के अलग-अलग जिलों से ऐसी करीब 10 घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसने स्थानीय प्रशासन और पुलिस के पसीने छुड़ा दिए हैं। लोग लोकप्रिय फिल्म 'शोले' के 'वीरू' वाले अंदाज में कभी प्रशासनिक भ्रष्टाचार, कभी पारिवारिक जमीन विवाद, तो कभी प्यार और शराब की मांग को लेकर 70 से 100 फीट ऊंचे टावरों पर चढ़कर हाई-वोल्टेज ड्रामा कर रहे हैं।  Jharkhand News

ताजा मामला गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिंडाटांड पंचायत के परियाना गांव से सामने आया है, जहां गुरुवार 11 जून की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत एक युवक 33 हजार केवी की चालू हाई-टेंशन विद्युत टावर पर चढ़ गया। करीब 70 फीट की ऊंचाई पर पहुंचकर यह युवक, जिसकी पहचान 40 वर्षीय पंकज मिश्रा के रूप में हुई है, अजीबोगरीब हरकतें करने लगा और नीचे खड़े लोगों से बार-बार शराब लाने की मांग करने लगा। उच्च वोल्टेज प्रवाहित होने के कारण किसी भी क्षण बड़ा हादसा होने की आशंका थी।

सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस ने गजब के संयम, धैर्य और समझदारी का परिचय दिया। पुलिसकर्मियों ने लगातार युवक से बातचीत कर उसकी काउंसिलिंग की, जिसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सका। इससे पहले 5 जून 2026 को हजारीबाग जिले के कटकमदाग प्रखंड के बानादाग में प्रशासनिक शिथिलता के खिलाफ एक बेहद गंभीर मामला देखने को मिला था। यहां विकास कुमार नामक एक युवक अंचल कार्यालय (सीओ ऑफिस) की कार्यशैली और कथित भ्रष्टाचार से तंग आकर लगभग 85 फीट ऊंचे एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया था।

युवक का आरोप था कि उसकी ज़मीन का म्यूटेशन पिछले 5-6 महीनों से अटका हुआ है और अधिकारी उसे दौड़ा रहे हैं। लगभग 11 घंटे तक चले इस लंबे ड्रामे के बाद जब प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने उसे लिखित आश्वासन दिया, तब जाकर वह नीचे उतरा। इस गंभीर मामले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी संज्ञान लिया है। Jharkhand News

ऐसा ही एक और वाकया 10 जून 2026 को बोकारो के नावादीह क्षेत्र में सामने आया। यहां एक युवक अपनी पुश्तैनी जमीन में सही हिस्सेदारी और हक न मिलने के कारण अपने परिवार से नाराज हो गया था। गुस्से में आकर वह पास ही स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर घंटों मशक्कत की और उसे कानूनी तौर पर पूरी मदद दिलाने का भरोसा देकर सुरक्षित नीचे उतारा।

टावर पर चढ़ने की इन घटनाओं में केवल प्रशासनिक या पारिवारिक विवाद ही नहीं, बल्कि प्रेम-प्रसंग के अजीबोगरीब मामले भी शामिल हैं। 3 जून 2026 को राजधानी रांची में एक लड़की सिर्फ इसलिए मोबाइल टावर पर चढ़ गई क्योंकि उसके नाबालिग प्रेमी ने उससे बातचीत करना बंद कर दे रिहा था। मौके पर पहुंची पुलिस को जब कोई रास्ता नहीं सूझा, तो उसने लड़की के प्रेमी को ढूंढकर मौके पर बुलाया, जिसके बाद ही लड़की नीचे उतरने को तैयार हुई।

वहीं, 17 मई 2026 को धनबाद के गोमो क्षेत्र में पुलिस द्वारा एक युवक को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में उसकी प्रेमिका मोबाइल टावर पर चढ़ गई और उसकी रिहाई की मांग करने लगी। इससे पहले मई 2026 में ही गिरिडीह के निमियाघाट में एक पहले से शादीशुदा युवक अपने भाई की साली से दोबारा शादी कराने की ज़िद पकड़कर 100 फीट ऊंचे टावर पर जा बैठा था, जिसे बाद में पुलिस और ग्रामीणों ने समझा-बुझाकर नीचे उतारा। Jharkhand News

About The Author

Related Posts