आरसीडीएफ एवं जिला दुग्ध संघों की खाली पड़ी भूमि पर होगा सघन वृक्षारोपण
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने जयपुर डेयरी से किया शुभारंभ
जयपुर (सच कहूं न्यूज)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जयपुर डेयरी परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह वृक्षारोपण कार्यक्रम पशुपालन, गोपालन एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत द्वारा दिए गए पर्यावरण संरक्षण और अधिकाधिक वृक्षारोपण के संदेश की प्रेरणा से आयोजित हुआ। Jaipur News
यह कार्यक्रम राजस्थान सहकारी डेयरी फेडरेशन (आरसीडीएफ) की प्रबंध संचालक श्रुति भारद्वाज एवं जयपुर डेयरी के प्रबंध संचालक मनीष फौजदार के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान डेयरी परिसर में अशोक तथा बेल के पौधों का रोपण किया गया। समारोह के दौरान मंत्री श्री कुमावत ने विशेष संदेश का वाचन किया।
मंत्री कुमावत ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत डेयरी परिसर में करीब 8 हजार पौधे लगाए जाएंगे। पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने आह्वान किया कि इन पौधों की उचित देखरेख और परवरिश के लिए डेयरी का प्रत्येक कर्मचारी एक-एक पेड़ को गोद ले, ताकि वे पौधे जीवित रहकर विशाल वृक्ष बन सकें। Jaipur News
इस अवसर पर मंत्री कुमावत ने कहा कि केवल जयपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेशभर के समस्त डेयरी प्लांट्स और कार्यालयों के परिसरों में जितनी भी रिक्त भूमि पड़ी है, उसका उपयोग वृक्षारोपण के लिए किया जाए और वहां सघन रूप से पेड़ लगाए जाएं। बेजुबान पक्षियों की चिंता, लगाए परिंडे
पर्यावरण और वनस्पति संरक्षण के साथ-साथ इस कार्यक्रम में जीव-दया की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली। भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए मंत्री श्री कुमावत के संदेश की भावना के अनुरूप परिसर में पक्षियों के लिए पानी के परिंडे बांधे गए और उनके भोजन के लिए दाना पात्र भी लगाए गए। Jaipur News
