बहन को लेने गए मामा-भांजे पर हमला, 10-15 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज
टाउन थाना क्षेत्र का मामला
हनुमानगढ़। बहन को उसके ससुराल से वापस लाने गए मामा-भांजे पर कथित रूप से जानलेवा हमला करने के मामले में टाउन थाना पुलिस ने एक नामजद तथा 10-15 अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 45 वर्षीय रामस्वरूप पुत्र देवीलाल बावरी निवासी वार्ड नम्बर 6, गांव कोहला ने रिपोर्ट दी कि उसकी बहन गीता की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हिरणावाली निवासी प्रवीण पुत्र इन्द्रसेन के साथ हुई थी। Hanumangarh News
आरोप है कि प्रवीण नशे का आदी है और वह आए दिन गीता के साथ मारपीट तथा गाली-गलौज करता रहता है। रिपोर्ट में बताया गया कि 4 जून को प्रवीण ने गीता के साथ फिर मारपीट की। इसके बाद गीता ने अपने पीहर पक्ष को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर रामस्वरूप अपने 24 वर्षीय भांजे विजय पुत्र पालाराम बावरी सहित अन्य परिजनों के साथ हिरणावाली पहुंचा और समझाइश के बाद गीता को अपने साथ लेकर हनुमानगढ़ लौटने लगा।
शिकायत के अनुसार जब वे टाउन बस स्टैंड के सामने पहुंचे तो प्रवीण का फोन आया। उसने बातचीत कर मामला सुलझाने के लिए कुछ देर रुकने को कहा। आरोप है कि थोड़ी देर बाद प्रवीण 10-15 अन्य युवकों के साथ वहां पहुंच गया। सभी के हाथों में धारदार हथियार और लाठियां थीं।
परिवादी का आरोप है कि मौके पर पहुंचते ही प्रवीण और उसके साथियों ने उस पर तथा विजय पर हमला कर दिया, जिससे दोनों को चोटें आईं। साथ आए रोशनलाल, दौलतराम और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने रामस्वरूप की रिपोर्ट के आधार पर प्रवीण तथा 10-15 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई राजेश कुमार को सौंपी है। पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है। Hanumangarh News