North India Weather Update: मौसम विभाग ने हरियाणा-पंजाब व यूपी के लिए जारी किया तेज आंधी का अलर्ट
उत्तर भारत में आज से 3 दिन बड़े भारी
North India Weather Update: नई दिल्ली/चंडीगढ़ (सच कहूँ/संदीप सिंहमार)। उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम में बदलाव आने जा रहा है। 3 व 4 जून को हरियाणा और पंजाब सहित राजस्थान,दिल्ली एनसीआर व उत्तरप्रदेश में तेज आँधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने इस दौरान आमजन को सावधान रहने की चेतावनी जारी की है। Weather Update
मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 जून को पश्चिमी और दक्षिणी हरियाणा में धूलभरी आंधी, तेज गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। इन जिलों के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसी प्रकार पंजाब व राजस्थान में भी मौसम रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक बदले मौसम का असली असर 3 जून से दिखना शुरू होगा, जब हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और गुरुग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों ने गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है। 4 जून को भी प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में स्थिति गंभीर बनी रह सकती है। तेज हवाओं और धूलभरी आंधी के कारण दृश्यता में अचानक कमी आने की आशंका है, जिससे सड़क और हाईवे यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 5 जून से आंधी की तीव्रता में कमी आने लगेगी। इस दिन अलर्ट का स्तर घटाकर येलो कर दिया जाएगा और हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
उत्तर हरियाणा के अंबाला, पंचकुला और यमुनानगर सहित कई जिलों में मौसम साफ होने की संभावना है। 6 जून तक सुदूर पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर पूरा राज्य सामान्य स्थिति में लौट सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज आंधी के दौरान घरों के भीतर ही रहें, वाहनों को पेड़ों, बिजली के खंभों और साइनबोर्डों के नीचे खड़ा न करें तथा हाईवे पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें। मौसम विभाग के अनुसार यह समय सतर्कता बरतने का है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी हादसे का कारण बन सकती है। Weather Update
About The Author