Punjab
चैनत में आंदोलन तेज करने की घोषणा, भूख हड़ताल के बीच 56 लोगों पर दो मुकदमे दर्ज
कल से 51 महिलाएं क्रमिक भूख हड़ताल व वीरवार से 101 पुरुष करेंगे क्रमिक अनशन
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: बिजली और पेयजल की मांग को लेकर गांव चैनत में चल रहा आंदोलन अब और तेज होता नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने बुधवार से 51 महिलाओं को क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठाने तथा गुरुवार से 101 पुरुषों द्वारा अनशन शुरू करने की घोषणा की है। वहीं शुक्रवार को विरोध स्वरूप सरकार की शव यात्रा निकालने का भी निर्णय लिया गया है। धरना कमेटी सदस्य एवं पूर्व सरपंच सत्यवान ने बताया कि ग्रामीणों की बैठक में सर्वसम्मति से आंदोलन को अगले चरण में ले जाने का फैसला लिया गया है।
उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि उनका विरोध हांसी शहर को पानी देने के खिलाफ नहीं है, बल्कि वे गांवों के लिए भी पर्याप्त पेयजल आपूर्ति की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है।
पुलिस ने 31 नामजद लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस
सोमवार को भाखड़ा पेयजल लाइन उखाड़ने के प्रयास और सड़क जाम की घटना को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। प्रशासन का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने, सड़क जाम करने तथा बिजली का खंभा उखाड़ कर मुख्य सड़क पर रखने जैसी गतिविधियां कीं।
पहले मामले में पुलिस ने 31 नामजद और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें धरने का संचालन कर रहे अनूप चानौत, पूर्व सरपंच सत्यवान, सरपंच प्रतिनिधि हिमांशु, बिंदु हुड्डा समेत कई ग्रामीण शामिल हैं। वहीं दूसरे मामले में तीन नामजद तथा 25 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पाईपलाईन उखाड़ने के आरोप में ट्रैक्टर मालिक को नोटिस
सोमवार दोपहर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। वहीं पाइपलाइन उखाड़ने के दौरान इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर के मालिक दयानंद को भी प्रशासन ने नोटिस जारी किया है। दयानंद का कहना है कि पाइपलाइन उनकी जमीन से बिना अनुमति और उचित मुआवजे के बिछाई गई थी। धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों का आरोप है कि कई किसानों की जमीनों में उनकी सहमति के बिना पाइप लाइन डाली गई है, जिससे खेती कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
Hansi News: (02 हांसी 1) चैनत गांव में पेयजल और बिजली की मांग को लेकर धरने पर बैठे ग्रामीण एवं महिलाएं।