Punjab
नूंह में पुलिस और गो-तस्करों के बीच फायरिंग, एक आरोपी गिरफ्तार
फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली
नूंह/गुरुग्राम (संजय कुमार मेहरा)। Nuh News: नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज, नूंह में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार सीआईए नूंह और सीआईए तावडू की संयुक्त टीम दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निकट गांव बसई मेव कट पर नाकाबंदी कर अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग एक पिकअप वाहन में गोवंश भरकर हरियाणा से राजस्थान ले जा रहे हैं तथा उनके आगे एक अन्य वाहन चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन संदिग्ध वाहन चालकों ने रुकने के बजाय बैरिकेड तोड़ दिए और तेज गति से फरार होने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया। इस दौरान पिकअप में सवार आरोपियों ने कथित रूप से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
पीछा करते हुए पुलिस गांव बसई मेव स्थित आर्य समाज मंदिर के पास पहुंची, जहां आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि अन्य फरार हो गए। घायल आरोपी की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के भूतकावास निवासी जमशेद के रूप में हुई है। पुलिस ने पिकअप वाहन से सात गोवंश, एक देशी कट्टा और एक खाली कारतूस बरामद किया है। फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।