Punjab
दानपात्र तोड़कर की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
देर रात मंदिर में चोरी, चोरों ने वारदात को दिया अंजाम
गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: शिकोहपुर गांव में चोरों ने देर रात बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर का दानपात्र तोड़कर उसमें रखी करीब 60 से 70 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह मंदिर प्रबंधन और सेवादार रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर में देखा कि दान पात्र टूटा हुआ था और परिसर में सामान बिखरा पड़ा था।
मंदिर में चोरी होने का पता चला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज में दो चोर बेखौफ होकर मंदिर परिसर में घूमते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में चोर किसी कटर और अन्य औजार की मदद से दान पात्र को तोड़ते हुए साफ नजर आ रहे हैं। चोरी के बाद आरोपी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से कुछ अहम सुराग मिले हैं।
