शिक्षा और रोजगार
सरसा में रिकॉर्ड 1 करोड़ यूनिट के पार बिजली की खपत
तीन दिनों में 20 लाख यूनिट बढ़ी मांग, रात 10 से 1 बजे तक सिस्टम पर सबसे ज्यादा लोड
Record Electricity Consumption: सरसा (सच कहूँ ब्यूरो)। भीषण गर्मी के चलते जिले में बिजली की मांग लगातार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है। पिछले तीन दिनों में बिजली खपत करीब 20 लाख यूनिट बढ़ गई है और अब जिले में प्रतिदिन बिजली खपत एक करोड़ यूनिट का आंकड़ा पार कर चुकी है। स्थिति यह है कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक ओवरलोड के कारण फ्यूज उड़ने, मीटर जलने और ट्रांसफार्मरों में खराबी आने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। Sirsa News
हालांकि बिजली विभाग का दावा है कि फिलहाल सप्लाई सामान्य बनी हुई है और कहीं बड़े स्तर पर परेशानी नहीं आई है। बिजली विभाग अधिकारियों के अनुसार अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यही सबसे बड़ी समस्या बन रही है, क्योंकि रात के समय भी गर्मी कम नहीं हो रही। अधिकारियों का कहना है कि रात 10 बजे से 1 बजे के बीच बिजली लोड सबसे ज्यादा रहता है, जिससे सब स्टेशनों और ट्रांसफार्मरों पर दबाव बढ़ जाता है। वहीं दिन में दोपहर 12 बजे से ढाई बजे तक भी बिजली की मांग चरम पर रहती है।
रानियां रोड पर मीटर में लगी आग | Sirsa News
शहर के रानियां रोड क्षेत्र में वीरवार रात करीब 10 बजे एक बिजली मीटर में आग लग गई। जिस खंभे पर ट्रांसफार्मर लगा था, उसी पर लगे मीटर में अचानक स्पार्किंग होने लगी और आग भड़क उठी। सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अधिक लोड के कारण मीटर गर्म होकर जल गया। उन्होंने लोगों से जरूरत के अनुसार ही लोड लेने और वायरिंग की समय-समय पर जांच करवाने की अपील की।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी लग रहे कट
गर्मी बढ़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली कट लगने शुरू हो गए हैं। विभाग के अनुसार ट्रांसफार्मरों पर दबाव कम करने के लिए दोपहर में डेढ़ से दो घंटे तक सामान्य कट लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा रात के समय भी कुछ स्थानों पर आधे घंटे तक बिजली बंद करनी पड़ रही है, ताकि फाल्ट की स्थिति न बने। Sirsa News
एक सप्ताह में तापमान में तेज उछाल
17 मई : अधिकतम 42 डिग्री, न्यूनतम 27 डिग्री
18 मई : अधिकतम 47 डिग्री, न्यूनतम 31 डिग्री
19 मई : अधिकतम 46.4डिग्री, न्यूनतम 29.4 डिग्री
20 मई : अधिकतम 46.2डिग्री, न्यूनतम 28 डिग्री
21 मई : अधिकतम 45.8डिग्री, न्यूनतम 31डिग्री
विभाग की ओर से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अभी तक बिजली सप्लाई सामान्य बनी हुई है और कहीं बड़े स्तर पर दिक्कत नहीं आई है। उन्होंने कहा कि विभाग की टीमें दिन-रात फील्ड में काम कर रही हैं। जहां भी कोई समस्या सामने आती है, उसका तुरंत समाधान किया जा रहा है। फिलहाल घोषित बिजली कट नहीं लगाए जा रहे, केवल ओवरलोड की स्थिति में सामान्य कट लगाए जा रहे हैं।
- धीरज कुमार, बिजली विभाग के एक्सईएन
तीन दिनों में तेजी से बढ़ी खपत
17 मई: 82.15 लाख यूनिट
18 मई: 84.84 लाख यूनिट
19 मई: 91.76 लाख यूनिट
20 मई: 99.25 लाख यूनिट
21 मई: 1 करोड़ यूनिट से अधिक